गिरिडीह में अवैध महुआ शराब पर बड़ी कार्रवाई : 4000 किलो जावा महुआ नष्ट, 300 लीटर शराब जब्त
डीजे न्यूज, गिरिडीह : उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को बड़ी कार्रवाई की गई। उत्पाद अधीक्षक शिव कुमार साहू के नेतृत्व में उत्पाद विभाग एवं मुफ्फसिल थाना की संयुक्त टीम ने बराहमोरिया गांव में छापामारी कर लगभग 4000 किलोग्राम जावा महुआ और 300 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब जब्त की।
यह कार्रवाई 24 जून को हुई छापामारी की अनुवर्ती कार्रवाई के तहत की गई। टीम ने अवैध शराब कारोबारियों के घरों एवं संदिग्ध स्थलों की सघन तलाशी ली। मौके पर बरामद 4000 किलोग्राम जावा महुआ को विनष्ट कर दिया गया, जबकि आपूर्ति के लिए तैयार 300 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब जब्त की गई। छापामारी दल के पहुंचने की सूचना मिलते ही कारोबारी फरार हो गए।
फरार आरोपितों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब निर्माण, भंडारण एवं तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
*जब्त सामग्री:*
– लगभग 4000 किलोग्राम जावा महुआ
– लगभग 300 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब
संयुक्त छापामारी अभियान का नेतृत्व उत्पाद अवर निरीक्षक महेंद्र देवगम एवं पुलिस अवर निरीक्षक गौतम कुमार ने किया। अभियान में पुलिस सहायक अवर निरीक्षक लक्ष्मण महतो, पुलिस सहायक अवर निरीक्षक राधेश्याम झा, पुलिस बल के जवान तथा गृह रक्षक बल के जवान शामिल रहे।