सटीक और त्रुटिरहित मतदाता सूची के लिए एसआईआर की कार्ययोजना जारी, सात अक्टूबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
सोमवार से घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का अभियान शुरू
बीएलओ के घर-घर भ्रमण के दौरान करें सहयोग तथा अपने मतदाता संबंधी विवरणों का सत्यापन अवश्य कराएं : उपायुक्त रामनिवास यादव
डीजे न्यूज, गिरिडीह : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम निर्धारित समय-सीमा के अनुसार संचालित किया जा रहा है। इस क्रम में प्रशिक्षण एवं मुद्रण का कार्य 20 जून से 29 जून तक सफलतापूर्वक संपन्न किया गया है। कार्यक्रम के तहत 30 जून से 29 जुलाई तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा। इस दौरान मतदाताओं के विवरण का भौतिक सत्यापन करते हुए आवश्यक जानकारी एकत्र की जाएगी, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाया जा सके। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 29 जुलाई तक मतदान केंद्रों का रेशनलाइजेशन पूर्ण किया जाएगा। इसके बाद पांच अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। प्रारूप सूची के प्रकाशन के बाद पांच अगस्त से चार सितंबर तक दावा एवं आपत्ति प्राप्त किए जाएंगे। वहीं प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निष्पादन पांच अगस्त से तीन अक्टूबर तक किया जाएगा। सभी दावों एवं आपत्तियों के निष्पादन के बाद सात अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रामनिवास यादव ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि बीएलओ के घर-घर भ्रमण के दौरान आवश्यक सहयोग प्रदान करें तथा अपने मतदाता संबंधी विवरणों का सत्यापन अवश्य कराएं। यदि किसी प्रकार का संशोधन, नाम जोड़ना, हटाना अथवा अन्य सुधार आवश्यक हो तो निर्धारित अवधि के भीतर दावा एवं आपत्ति प्रस्तुत करें, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही रूप से दर्ज हो सके। लोकतंत्र की मजबूती सशक्त एवं शुद्ध मतदाता सूची से ही संभव है। इसलिए सभी नागरिक SIR-2026 अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने में अपना योगदान दें।