अग्निवीर का प्रशिक्षण प्राप्त कर कपुरिया लौटे अमन मुर्मू
आदिवासी समाज ने सम्मानित कर बढ़ाया हौसला
डीजे न्यूज, सिजुआ(धनबाद): कपुरिया पंचायत के कपुरिया आदिवासी टोला निवासी अमन मुर्मू अग्निवीर का प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने घर लौटे। अग्निवीर के रूप में उनके चयनित होने पर आदिवासी समाज में हर्ष का माहौल है। समाज के नेता सह समाजसेवी भेलाटांड़ बस्ती निवासी दुर्गाचरण मरांडी सोमवार को अमन के आवास पहुंचे और उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि समाज के लिए गर्व का विषय है कि अमन को अग्निवीर के रूप में देश सेवा करने का मौका मिला है। उन्होंने कहा कि अन्य युवा भी अमन से प्रेरणा लें और सरहद पर देश की सेवा कर समाज का नाम रोशन करें। बता दें कि अमन के पिता शिबू मुर्मू का निधन हो चुका है।
मां दैनिक मजदूरी करती है। आर्थिक तंगी और गुरबत की जिंदगी के बीच भी अमन ने फागु महतो स्कूल से शिक्षा ग्रहण की। अग्निवीर की परीक्षा में उत्तीर्ण होकर इलाके का नाम रोशन किया। मौके पर विनोद हांसदा उर्फ मांझी बाबा, विशु मांझी, रोहण मुर्मू, बुधन मुर्मू, गहनू मुर्मू, परेश चंद्र किस्कू, राहुल महतो आदि मौजूद थे।