श्रावणी मेला को लेकर बाबाधाम में  बढ़ेंगे टिकट काउंटर, चलेंगी अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें, रेलवे स्टेशनों पर होगी पुख्ता सुरक्षा 

श्रावणी मेला को लेकर बाबाधाम में

बढ़ेंगे टिकट काउंटर, चलेंगी अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें, रेलवे स्टेशनों पर होगी पुख्ता सुरक्षा

 

सीसीटीवी कैमरों से हर गतिविधि पर चौबीसों घंटे रखी जाएगी पैनी नजर

 

देवघर के उपायुक्त ने दिया क्राउड मैनेजमेंट प्लान तैयार करने का आदेश

डीजे न्यूज, देवघर : राजकीय श्रावणी मेला, 2026 को सुरक्षित, सुगम और भव्य बनाने के उद्देश्य से शनिवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित उनके कार्यालय कक्ष में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में उपायुक्त ने मुख्य रूप से जिले के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम यातायात प्रबंधन और पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में किए जाने वाले कार्यों को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिए।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने जसीडीह जंक्शन, देवघर स्टेशन और बैद्यनाथ धाम रेलवे स्टेशन की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने रेलवे और जिला प्रशासन के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया। स्टेशनों पर भगदड़ जैसी किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए एक मजबूत ‘क्राउड मैनेजमेंट प्लान’ तैयार करने का आदेश दिया गया है। सभी प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से हर गतिविधि पर चौबीसों घंटे पैनी नजर रखी जाएगी।

इसके अलावा बैठक के दौरान उपायुक्त ने यात्री सुविधाओं को बेहतर करने के उद्देश्य से टिकट लाइनों में लगने वाले समय को कम करने के लिए काउंटरों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया। साथ ही देश के कोने-कोने से आने वाले शिवभक्तों के लिए रेलवे के सहयोग से अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। वही स्टेशनों पर यात्रियों के ठहरने के लिए उत्तम शेड, निर्बाध बिजली आपूर्ति और स्वच्छ पेयजल, शौचालय की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही किसी भी आपातकालीन चिकित्सा स्थिति से निपटने के लिए सभी लक्षित रेलवे स्टेशनों पर 24 घंटे कार्यरत स्वास्थ्य शिविर (मेडिकल कैंप) स्थापित किए जाएंगे, जहां चिकित्सकों और जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता रहेगी। इसके अतिरिक्त, बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं के सही मार्गदर्शन के लिए ‘सूचना-सह-सहायता केंद्र’ पूरी तरह एक्टिव रहेंगे। आगे समीक्षा के अंत में उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी एजेंसियों को कड़ा निर्देश दिया कि मेले की शुरुआत से पहले सभी प्रकार की बुनियादी तैयारियों को हर हाल में समय सीमा के भीतर पूरा कर लिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि देवघर आने वाले देवतुल्य श्रद्धालुओं को किसी भी स्तर पर असुविधा का सामना न करना पड़े, इसे शीर्ष प्राथमिकता पर रखा जाए।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुश्री सुलोचना मीना, आसनसोल डिवीजन के वरीय अधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी, स्टेशन मैनेजर जसीडीह जंक्शन, देवघर स्टेशन, बैद्यनाथधाम स्टेशन, आरपीएफ इंस्पेक्टर, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी व संबंधित विभाग व रेलवे के अधिकारी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top