गिरिडीह के चार लाख 91 हजार बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक 

 

गिरिडीह के चार लाख 91 हजार बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का रविवार को होगा शुभारंभ

पोलियो मुक्त गिरिडीह के संकल्प को साकार करने में जनभागीदारी जरूरी : उपायुक्त रामनिवास यादव

डीजे न्यूज, गिरिडीह : रविवार 28 जून से तीन दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार जिले के सभी प्रखंडों में अभियान का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 4,91,038 बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के प्रथम दिवस जिले के 2403 पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके पश्चात 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर ऐसे बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके हैं। उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को आज अपने नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर आएं तथा अभियान को सफल बनाने में जिला प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि “पोलियो मुक्त भविष्य के निर्माण में जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे, इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करे।” अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में 4793 स्वास्थ्य कर्मियों के साथ सुपरवाइजर, ट्रांजिट एवं मॉनिटरिंग टीमों की प्रतिनियुक्ति की गई है। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा वैक्सीन की सुरक्षित आपूर्ति एवं कोल्ड चेन व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस जनहितकारी अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं तथा अपने आसपास के सभी छोटे बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलवाएं, ताकि “कोई भी बच्चा न छूटे, पोलियो को जड़ से मिटाएं” का लक्ष्य साकार हो सके।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top