मुहर्रम को लेकर टुंडी में फ्लैग मार्च
थाना प्रभारी उमाशंकर बोले- शांति बनाए रखना प्राथमिकता
डीजे न्यूज, टुंडी, धनबाद : मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराने को लेकर टुंडी थाना क्षेत्र में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। थाना प्रभारी उमाशंकर के नेतृत्व में हुए फ्लैग मार्च के दौरान लोगों को शांति, भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया गया।
पुलिस ने लोगों से भाईचारा बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। फ्लैग मार्च के दौरान कमारडीह, लछूरायडीह, महाराजगंज, बरवाटांड, कलालीमोड, छाताबाद, कदेया, अगलीबाद, राजाभीठा सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण किया गया।
इस दौरान पुलिस ने स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित कर मुहर्रम के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
थाना प्रभारी उमाशंकर ने कहा कि मुहर्रम पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से फ्लैग मार्च आयोजित किया गया है, ताकि आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हो और पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
फ्लैग मार्च में मुख्य रूप से अवर निरीक्षक सिकंदर हेंब्रम, कृष्णा पाहन, सहायक अवर निरीक्षक राजेश सिंह के अलावा बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल थे।