संक्षिप्त खबरें:-
विधायक राज ने शुभम को किया सम्मानित
डीजे न्यूज, धनबाद: विधायक राज सिन्हा गुरुवार को प्रोफेसर कॉलोनी, चीरागोड़ा, हीरापुर पहुंचे। उन्होंने बीपीएससी की परीक्षा में 95वीं रैंक प्राप्त करने वाले शुभम कुमार को शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
विधायक ने कहा कि शुभम कुमार की यह उपलब्धि उनके कठोर परिश्रम, लगन, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। यह साबित करती है कि निरंतर प्रयास, मेहनत और समर्पण के बल पर जीवन में किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
—————————————–
बेकारबांध की दो दुकानों को किया सील
धनबाद: जिला परिषद प्रशासन ने राजस्व वसूली और अपनी संपत्तियों की सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपना लिया है। लंबे समय से किराया न चुकाने वाले बकाएदारों के खिलाफ प्रशासन ने चौतरफा कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार को बेकारबांध क्षेत्र में दो दुकानों को सील किया गया, साथ ही जमीन पर अवैध कब्जाधारियों को अंतिम चेतावनी दी गई है।
ये दुकानें हुईं सील
बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद बकाया राशि जमा न करने पर जिला परिषद की टीम ने
दुकान संख्या C/11 (सरोज रजक): कुल ₹3,34,450 की भारी बकाया राशि होने के कारण कार्रवाई की गई।
दुकान संख्या P5 (अनिल कुमार सिंह): कुल ₹1,56,782 का बकाया होने के कारण दुकान को सील किया गया।
‘कल’ तक का अल्टीमेटम
कार्रवाई के दौरान यह बात भी सामने आई है कि कुछ व्यक्तियों द्वारा बिना अनुमति के, अपने स्तर से जिला परिषद की जमीनों पर अवैध रूप से कब्जा कर अस्थाई दुकान का निर्माण किया गया है।
जिला परिषद ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है और सभी अवैध कब्जाधारियों को कल तक का समय (अंतिम अल्टीमेटम) दिया है। उन्हें साफ निर्देश दिया गया है कि वे कल (अगले दिन) तक स्वेच्छा से दुकानों को खाली कर दें।
जिला परिषद की संपत्तियों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिन लोगों ने बिना अनुमति जमीनों पर कब्जा किया है, वे हर हाल में खाली कर दें। यदि कल तक अवैध कब्जा खाली नहीं की गईं, तो प्रशासन बलपूर्वक उन्हें खाली कराएगा और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी व दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जिला परिषद ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि बकाएदारों के खिलाफ सीलिंग का यह अभियान और अवैध कब्जे के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। इस अभियान के दौरान जिला परिषद के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मी और स्थानीय पुलिस बल के जवान तैनात थे।
——————————————–
एसआइआर के लिए फर्जी या अनाधिकृत दस्तावेज बनाने पर होगी कार्रवाई
धनबाद: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के लिए कोई भी नागरिक फर्जी या अनाधिकृत दस्तावेज न बनवाए और न ही ऐसा प्रयास करें। ऐसा करने वालों पर या ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरूद्ध कानून की संगत धाराओं के अन्तर्गत त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में फर्जी प्रमाण-पत्र निर्गत करने के लिए कई जिलों से फर्जी वेबसाईट के माध्यम से जन्म, जाति एवं अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि वर्तमान में एसआइआर की प्रक्रिया प्रारंभ है। इस प्रक्रिया में कई प्रकार के दस्तावेजों की आवश्यकता मतदाताओं को हो सकती है। ऐसे में फर्जी वेबसाईट के माध्यम से जन्म, जाति एवं अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोह सक्रिय हो सकते हैं।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने जिले के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि एसआइआर के निमित्त कोई भी नागरिक फर्जी या अनधिकृत दस्तावेज न बनवाए और न ही ऐसा प्रयास कोई करे।
उन्होंने कहा ऐसे मामलों में संलिप्त गिरोह या व्यक्तियों के विरूद्ध कानून की संगत धाराओं के अन्तर्गत त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
——————————————-
भरत तिवारी एनकाउंटर के विरोध में धनबाद में कैंडल मार्च
धनबाद: भरत भूषण तिवारी के एनकाउंटर के विरोध में ब्राह्मण समाज और स्वर्ण समाज के लोगों ने गुरुवार की शाम धनबाद में कैंडल मार्च निकालकर विरोध जताया। रणधीर वर्मा चौक से निकाले गए इस मार्च में शामिल लोगों ने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग उठाई।
हाथों में मोमबत्तियां लेकर पहुंचे लोगों ने भरत भूषण तिवारी अमर रहे के नारे लगाए और रणधीर वर्मा चौक पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
इस दौरान सुरेश तिवारी ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की।
कैंडल मार्च में सरोज शुक्ला, वरिष्ठ अधिवक्ता राधेश्याम गोस्वामी, सुरेश चंद्र तिवारी, सत्येंद्र प्रकाश पांडे, प्रमोद कुमार दूबे, विकास पांडेय, श्रीराम पांडे, नागेंद्र शुक्ला, शक्ति पाठक, डीके उपाध्याय, दिलीप सिंह, बॉबी पांडे, डॉ. पीके मिश्रा, उदय चंद्र पांडे समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
———————————————-
बच्चों के बीच पाठ्य सामग्री वितरित
बलियापुर: उत्क्रमित मध्य विद्यालय सुरुंगा में गुरुवार को एक समारोह आयोजित कर छात्र-छात्राओं के बीच पाठ्य सामग्री से संबंधित कीट का वितरण किया गया। प्रखंड प्रमुख पिंकी देवी ने एक सौ सैंतीस बच्चों को कीट प्रदान किया। प्रमुख ने शिक्षा के लिए किए जा रहे सरकार के कार्यों की काफी सराहना की। मौके पर प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष नंद लाल कुंभकार, हेडमास्टर सुजीत कुमार, राधेश्याम रजक, कुणाल कुमार, उत्तम कुमार महतो, विंदेश्वर गोराई के अलावा कमिटी के सदस्यों एवं बाल संसद के सदस्य मौजूद थे।
—————————————-
मुहर्रम की तैयारी जोरों पर
बलियापुर: मोहर्रम कमेटी बलियापुर की ओर से मुहर्रम की तैयारी जोरों पर की जा रही है। गुरुवार को कमेटी की बैठक डांगापाड़ा में हुई। शुक्रवार को मोहर्रम के मौके पर बलियापुर बाजार चौक पर अखाड़ा खेल आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में पूर्व मुखिया रफीक अंसारी, इसराइल अंसारी, दिल मोहम्मद अनवर अली खान, कमाल अंसारी, शेख दिलु आदि थे। इसके अलावे क्षेत्र के अन्य विभिन्न गांवों में भी लोगों द्वारा मोहर्रम मनाने की तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है। मोहर्रम को लेकर लोगों में हर्ष है।