पिकअप वेन और ट्रक की टक्कर, पिता-पुत्र जख्मी
डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद): राजगंज थाना क्षेत्र के चालीबांग्ला स्थित जीटी रोड पर गुरुवार को पिकअप वेन और ट्रक में टक्कर हो गई। हादसे में बोलेरो पिकअप पर सवार पिता-पुत्र जख्मी हो गए।
बोलेरो पिकअप वाहन चतरा से माल खाली कर बरवाअड्डा क्षेत्र की ओर लौट रहा था। इसी दौरान चालीबांग्ला के समीप एक ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो पिकअप (संख्या JH10CV-4874) बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में वाहन पर सवार राहुल कुमार तिवारी (20 वर्ष) और चालक प्रशांत तिवारी घायल हो गए। सूचना मिलते ही राजगंज थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच, धनबाद भेजा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो पिकअप को अपने कब्जे में ले लिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी हुई है।