रेलवे ट्रैक पर मिला नवविवाहित युवक का शव, मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित गरहाटांड़ रेलवे ट्रैक पर शुक्रवार को एक 29 वर्षीय नवविवाहित युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के शिवमुहल्ला निवासी राजेंद्र प्रसाद के पुत्र देवाशीष कुमार (29) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। परिजनों के अनुसार, देवाशीष शुक्रवार सुबह दुकान जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन दोपहर में पुलिस से उसके शव मिलने की सूचना मिली। बताया गया कि देवाशीष की शादी करीब चार माह पहले ही हुई थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। मुफस्सिल थाना पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।