स्टेट बार काउंसिल के नवनिर्वाचित सदस्यों को किया सम्मानित
अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा और समस्याओं के समाधान के लिए करेंगे हर संभव प्रयास: पवन रंजन खत्री
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद बार एसोसिएशन के सभागार में गुरुवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता पवन रंजन खत्री एवं धनबाद बार एसोसिएशन के महासचिव जितेंद्र कुमार को झारखंड स्टेट बार काउंसिल का चुनाव जीतने पर पुष्पगुच्छ भेंटकर एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता राधेश्याम गोस्वामी ने दोनों नवनिर्वाचित सदस्यों को जीत की बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे अधिवक्ताओं के अधिकारों की रक्षा और उनके हितों के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने दोनों को उनके उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
इस अवसर पर अधिवक्ता पवन खत्री ने कहा कि वे अधिवक्ताओं के हितों के लिए हरसंभव प्रयास करते रहेंगे। वहीं, अधिवक्ता जितेंद्र कुमार ने कहा कि अधिवक्ताओं के लिए सुरक्षा कानून लागू कराने तथा उनकी अन्य समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस पहल की जाएगी।
सम्मान समारोह में सुबोध कुमार, दिवाकर श्रीवास्तव, अजय कुमार, आशीष सिन्हा, अमित सिंह, धीरेंद्र ब्रह्मचारी, पहलाद साहब, लक्ष्मी नारायण गोस्वामी सहित कई अधिवक्ता उपस्थित थे।