सिकल सेल रोग के प्रति जागरूक करेगा जागरूकता रथ
विश्व सिकल सेल दिवस पर गिरिडीह सदर अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
डीजे न्यूज, गिरिडीह : विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को गिरिडीह जिले में सिकल सेल रोग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सदर अस्पताल परिसर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आमजन को सिकल सेल रोग के लक्षणों, बचाव, जांच एवं उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गई।
कार्यक्रम के अंतर्गत जागरूकता बढ़ाने हेतु नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया, जिसमें कलाकारों द्वारा सिकल सेल रोग के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया। इसके साथ ही उपाधीक्षक (डीएस) प्रदीप बैठा द्वारा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह जागरूकता रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को सिकल सेल रोग के प्रति जागरूक करेगा।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) नीरज सिंह, जिला कार्यक्रम समन्वयक (डीपीसी) मुकेश कुमार, क्षेत्रीय समन्वयक नंद जी दुबे, जिला कार्यक्रम सहायक (डीपीए) अभिजीत शाहदेव, बीटीटी रविंद्र कुमार, मुन्नी देवी सहित जिले की सहिया बहनें उपस्थित रहीं।
मौके पर उपस्थित अधिकारियों ने सिकल सेल रोग की समय पर जांच एवं उपचार के महत्व पर बल देते हुए लोगों से अधिक से अधिक संख्या में जांच कराने तथा जागरूकता अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों एवं जनभागीदारी के माध्यम से ही सिकल सेल रोग के प्रभाव को कम किया जा सकता है।