पीडीएस डीलर पर राशन घोटाले का आरोप, ग्रामीणों ने बीडीओ को सौंपा ज्ञापन
डीजे न्यूज, पीरटांड़,गिरिडीह : पीरटांड़ प्रखंड के कुण्डको पंचायत अंतर्गत कासियाडीह गांव में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) के राशन वितरण को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। ग्रामीणों ने पीडीएस डीलर बालेश्वर हांसदा पर राशन वितरण में अनियमितता, अनाज की कटौती और लाभुकों के साथ धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मनोज मरांडी को आवेदन सौंपकर जांच एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों के अनुसार, अप्रैल का राशन अब तक अधिकांश लाभुकों को नहीं मिला है। आरोप है कि डीलर प्रत्येक राशन कार्ड पर हर महीने दो किलो अनाज कम देता है। इतना ही नहीं, पहले लाभुकों से हस्ताक्षर या अंगूठा निशान ले लिया जाता है और बाद में राशन मांगने पर यह कहकर लौटा दिया जाता है कि उनका राशन पहले ही वितरित किया जा चुका है।
ग्रामीणों ने आवेदन में डीलर का लाइसेंस रद्द करने, अप्रैल माह का बकाया राशन तत्काल उपलब्ध कराने तथा कासियाडीह गांव के सभी राशन कार्डधारियों को किसी अन्य पीडीएस डीलर से संबद्ध करने की मांग की है। आवेदन पर सोनाराम, बासुदेव सहित कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर और अंगूठा निशान दर्ज हैं।
इधर, बीडीओ स्तर से मामले की जांच खाद्य आपूर्ति विभाग को सौंप दी गई है। समाचार लिखे जाने तक संबंधित अधिकारियों एवं आरोपित डीलर का पक्ष सामने नहीं आ सका था। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।