जयंती पर मौलाना अबुल कलाम आजाद की
व्यक्तित्व एवं कृतित्व को किया याद
डीजे न्यूज, धनबाद: जिला कांग्रेस मुख्यालय भवन, हाउसिंग कॉलोनी, धनबाद में राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के अवसर पर स्वतंत्र भारत के प्रथम शिक्षा मंत्री एवं महान स्वतंत्रता सेनानी भारत रत्न मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने की। इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेसजनों ने मौलाना अबुल कलाम आजाद के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि मौलाना अबुल कलाम आजाद भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के महान सेनानी, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक, विद्वान, पत्रकार एवं आधुनिक भारत की शिक्षा व्यवस्था के प्रमुख शिल्पकारों में से एक थे। उनका जन्म 11 नवंबर 1888 को हुआ था। उन्होंने देश की आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में भी देश का नेतृत्व किया।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद मौलाना आजाद ने स्वतंत्र भारत के प्रथम शिक्षा मंत्री के रूप में देश की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत आधार प्रदान करने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनका मानना था कि शिक्षा किसी भी राष्ट्र के विकास, सामाजिक समानता और लोकतांत्रिक मजबूती का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने उच्च शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी शिक्षा, कला एवं संस्कृति के विकास को विशेष महत्व दिया। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) जैसी संस्थागत व्यवस्थाओं के विकास में उनके कार्यकाल का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
सिंह ने आगे कहा कि मौलाना आजाद का संपूर्ण जीवन देश की एकता, अखंडता, आपसी भाईचारे, धर्मनिरपेक्षता और सांप्रदायिक सद्भाव के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने हमेशा शिक्षा को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने की वकालत की। उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। आज राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के अवसर पर हमें संकल्प लेना चाहिए कि शिक्षा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने, बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने तथा देश में वैज्ञानिक सोच और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि मौलाना अबुल कलाम आजाद के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और उनके बताए मार्ग पर चलकर ही एक शिक्षित, समावेशी एवं सशक्त भारत का निर्माण किया जा सकता है।
कार्यक्रम में मदन महतो, मनोज यादव, दिनेश यादव, कयूम खान, गुड्डू खान, अक्षय कुमार प्रसाद, दीपक सिंह, बिजेंदर पासवान, वीरेंद्र कुमार यादव, मृत्युंजय कुमार सिंह, संजय कुमार, महेंद्र दुबे, सत्यानंद पांडे, तारीक अंसारी, जहीर अंसारी, इरफान खान, चौधरी राजेश राम, मनोज कुमार हाड़ी, गोपाल कृष्ण चौधरी, देवेंद्र दुसाध, नवीन पासवान, दिनेश पासवान, गंगा वाल्मीकि, अजय कुमार चौधरी, रमेश राय, अखिलेश चौधरी, बिल्किस खानम, सीता राणा, हेमंती जायसवाल, नीतू देवी, आशीष सिन्हा, मधुसूदन सिंह चौधरी सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित थे।