भाजपा नेताओं ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
डीजे न्यूज, गिरिडीह : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी अभियान ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत गुरुवार को सुभाष इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा प्रदेश मंत्री शालिनी बैसाखीहार एवं नगर अध्यक्ष जयशंकर सिन्हा सिंकू ने किया। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक विजय सिंह को पौधा भेंट कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश मंत्री शालिनी बैसाखीहार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूरे देश में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान चलाया जा रहा है। बरसात के मौसम में यह अभियान लगातार जारी रहेगा और पार्टी के सभी नेता एवं कार्यकर्ता इसे सफल बनाने में जुटे हैं।
नगर अध्यक्ष जयशंकर सिन्हा सिंकू ने कहा कि अभियान के तहत प्रत्येक बूथ पर भाजपा कार्यकर्ता वृक्षारोपण कर रहे हैं। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि पर्यावरण संरक्षण के लिए कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में पार्टी के अन्य नेता और कार्यकर्ता भी इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेंगे।
सुभाष इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के निदेशक विजय सिंह ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छ और संतुलित पर्यावरण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी है, जिसे हर नागरिक को निभाना चाहिए। कार्यक्रम में टिंकू सिन्हा,अनिल सिंह, मंजू सिंह, मोनिका गुप्ता, रूबी गुप्ता, स्वप्नना गुप्ता, रोशन सिंह, शालिनी बैसाखियार,अशोक स्वर्णकार, भुनेश्वर मंडल, सहित भाजपा के कई कार्यकर्ता व संस्थान के छात्र-छात्राएं भी उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया गया।