जिला प्रशासन खनन माफियाओं पर कसेगा शिकंजा,अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ चलेगा सघन अभियान
डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन ने अवैध खनन पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए कड़े निर्देश जारी किए।
उपायुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले में किसी भी परिस्थिति में अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने खनन क्षेत्रों में नियमित छापेमारी अभियान चलाने तथा अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि सभी खनन गतिविधियां निर्धारित नियमों के अनुरूप संचालित हों और सरकार को राजस्व की किसी भी प्रकार की हानि न हो। इसके लिए खनन विभाग एवं पुलिस प्रशासन को संयुक्त अभियान चलाने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा चेक पोस्टों पर वाहनों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने बिना चालान खनिज परिवहन करने वाले और ओवरलोड वाहनों को तत्काल जब्त करने तथा रात्रि गश्त बढ़ाने पर विशेष जोर दिया, ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में खनन गतिविधियों की लगातार निगरानी रखने और किसी भी अनियमितता की तत्काल सूचना देने का निर्देश दिया।
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि जिला खनन टास्क फोर्स के सभी सदस्य आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि जिले में अवैध खनन पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि खनन कार्यों में पारदर्शिता और नियमों का पालन सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी, अपर समाहर्ता वैभव कुमार सिंह, आईएएस प्रशिक्षु यश कुमार, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।