तीन दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ

Advertisements

तीन दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ

डीजे न्यूज, धनबाद: नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित विशेष दिव्यांग स्कूल पहला कदम में गुरुवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में त्रिदिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को योग के महत्व से अवगत कराना तथा उनके शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक विकास को बढ़ावा देना है। साथ ही आगामी 21 जून को आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के लिए बच्चों को तैयार करना भी इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य है। कार्यक्रम में स्कूल के सभी बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।
इस अवसर पर जिला आयुष समिति, धनबाद के योग प्रशिक्षक रोहित कुमार, भवानी राय एवं हीरालाल शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का प्रशिक्षण दिया तथा बताया कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने की एक कला है। नियमित योग करने से शरीर स्वस्थ, मन शांत तथा विचार सकारात्मक बने रहते हैं। उन्होंने कहा कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन हेतु बच्चों को विशेष अभ्यास कराया जा रहा है, ताकि वे योग दिवस पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।कार्यक्रम में स्कूल के सुपरवाइजर कौशल अग्रवाल भी उपस्थित रहे। स्कूल की सचिव अनीता अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने बच्चों को नियमित योग अपनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों की जानकारी दी गई तथा उनका अभ्यास कराया गया। बच्चों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।
इस कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में स्वास्थ्य, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूकता विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि वे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के महत्व को समझते हुए अपने जीवन में योग को अपनाएँ।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top