भीषण गर्मी को देखते हुए पलामू में स्कूलों का समय बदला, अजाप्टा की पहल पर डीईओ ने जारी किया आदेश
अब सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगा स्कूलों का संचालन
डीजे न्यूज, पलामू : जिले में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ (अजाप्टा) पलामू के महासचिव अमरेश कुमार सिंह ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया। शिक्षक हित और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) से मुलाकात कर विद्यालयों के संचालन समय में परिवर्तन की मांग की।
अमरेश कुमार सिंह ने डीईओ के समक्ष तर्क रखा कि चिलचिलाती धूप और बढ़ते तापमान के बीच आम लोग भी घरों में रहने को मजबूर हैं। ऐसे में विद्यार्थियों और शिक्षकों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने भविष्य में किसी भी अनिष्ट घटना से बचने के लिए विद्यालयों के समय में तत्काल बदलाव करने का आग्रह किया।
अजाप्टा के सुझाव और पहल पर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पत्रांक 836, दिनांक 16 जून 2026 के माध्यम से विद्यालय संचालन की समयावधि सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित कर दी। साथ ही सभी विद्यालयों को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया।
जिला शिक्षा पदाधिकारी के इस आदेश से जिले के शिक्षकों ने राहत की सांस ली है। शिक्षकों ने निर्णय का स्वागत करते हुए खुशी जाहिर की और इसे छात्र-शिक्षक हित में उठाया गया सकारात्मक कदम बताया। वहीं अजाप्टा ने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन आगे भी शिक्षकों और विद्यार्थियों के हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाता रहेगा।