बालमुकुंद फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन में जुटे माले दिग्गज, डीसी ने बनाई जांच कमिटी 

Advertisements

बालमुकुंद फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन में जुटे माले दिग्गज, डीसी ने बनाई जांच कमिटी 

एसडीओ, एसडीपीओ और सीओ करेंगे जांच, हटाए गए सभी 17 मजदूरों से मिलकर सुनेंगे पक्ष 

विधायक चंद्रदेव, पूर्व विधायक द्वय विनोद सिंह, राजकुमार कुमार यादव व निताई महतो ने प्रशासन और प्रबंधन को दिया अल्टीमेटम 

डीजे न्यूज, गिरिडीह : ​गिरिडीह औद्योगिक क्षेत्र में फैल रहे जानलेवा प्रदूषण, स्थानीय युवाओं की उपेक्षा, मजदूरों की अवैध छंटनी और किसानों की बर्बाद हो रही खेती के खिलाफ जन-आंदोलन की आग एक बार फिर सुलगने लगी है। भाकपा माले, असंगठित मजदूर मोर्चा और अखिल भारतीय किसान महासभा के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को पररवाटांड़ में जोरदार प्रदर्शन किया गया। इसके पूर्व चेतावनी रैली निकाल प्रदर्शनकारी वहां पहुंचे। इस दौरान उपायुक्त रामनिवास यादव को स्मार-पत्र सौंपकर पूर्व में प्रशासनिक मध्यस्थता के दौरान मिले आश्वासनों को याद दिलाया गया।

​स्मार-पत्र सौंपने के बाद उपायुक्त ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित संज्ञान लिया और आंदोलनकारियों को ठोस आश्वासन दिया। उपायुक्त के निर्देश पर मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एसडीएम, एसडीपीओ और सीओ की एक उच्च स्तरीय संयुक्त जांच कमेटी का गठन कर दिया गया है। उपायुक्त ने आश्वस्त किया है कि यह टीम जल्द ही बालमुकुंद फैक्ट्री से निकाले गए 17 मजदूरों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करेगी। साथ ही इस मामले के शिकायतकर्ताओं को भी पक्ष रखने के लिए बुलाया जाएगा।

 

​नेताओं ने कहा-आश्वासन की म्याद खत्म, अब कार्रवाई करे प्रशासन

इस मौके पर बगोदर के पूर्व विधायक विनोद सिंह ने कहा कि प्रशासन ने बकरीद पर्व की संवेदनशीलता की दुहाई देकर हमसे आंदोलन स्थगित कराया था। हमने सौहार्द बनाए रखने के लिए उनकी बात मानी, लेकिन अब पर्व शांतिपूर्वक संपन्न हो चुका है। अब प्रशासन को अपना वादा निभाना होगा। औद्योगिक क्षेत्र के प्रदूषण से नरक झेल रहे स्थानीय लोगों को नौकरियों में 75% आरक्षण मिलना ही चाहिए। वहीं सिंदरी के विधायक चंद्रदेव उर्फ बबलू महतो ने कहा कि “बालमुकुंद आयरन फैक्ट्री से बिना किसी ठोस कारण के 17 स्थानीय मजदूरों को नौकरी से निकाल देना सीधे-सीधे उनके पेट पर लात मारना है। इन मजदूरों की अविलंब ससम्मान काम पर वापसी सुनिश्चित की जाए। पूंजीपतियों की मनमानी अब झारखंड में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

राजधनवार के पूर्व विधायक राजकुमार यादव ने कहा कि फैक्ट्रियों से चौबीसों घंटे निकलने वाले जहरीले धुएं और छाई ने हजारों एकड़ उपजाऊ कृषि भूमि को बंजर बना दिया है। किसानों की फसलें बर्बाद हो चुकी हैं। हमारी मांग है कि नवगठित जिला स्तरीय जांच कमेटी इसकी उच्च स्तरीय जांच करे और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के नियमों का उल्लंघन करने वाली फैक्ट्रियों पर कार्रवाई करते हुए किसानों को उचित मुआवजा दिलाए।”

असंगठित मजदूर मोर्चा के महासचिव निताई महतो ने कहा कि “फैक्ट्री मालिक करोड़ों का मुनाफा कमा रहे हैं, लेकिन सीएसआर फंड का लाभ स्थानीय प्रभावित जनता को नहीं मिल रहा। प्रभावित गांवों में शुद्ध पेयजल, बिजली, मुफ्त चिकित्सा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की व्यवस्था अनिवार्य की जाए। साथ ही वर्षों से वन भूमि पर रह रहे भूमिहीन गरीबों और आदिवासियों को अविलंब वन पट्टा आवंटित हो।

 

​गौरतलब है कि इन ज्वलंत जनमुद्दों को लेकर गत 14 मई से 25 मई तक शांतिपूर्ण तरीके से अनवरत धरना-प्रदर्शन किया गया था। प्रशासनिक स्तर पर सुनवाई न होने पर विवश होकर 26 मई को आंदोलनकारियों ने फैक्ट्री का मुख्य द्वार जाम कर दिया था। इसके बाद जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने मध्यस्थता करते हुए आश्वासन दिया था कि त्योहार के बाद इन मांगों का सहानुभूतिपूर्वक और न्यायसंगत समाधान निकाला जाएगा।

चंद्रदेव-विनोद ने जांच कमिटी का किया स्वागत साथ ही कहा-आखिरी बार समय सीमा याद दिलाई जा रही

 

विधायक चंद्रदेव महतो एवं पूर्व विधायक विनोद सिंह ने कहा कि उपायुक्त द्वारा जांच कमेटी के गठन का स्वागत है, लेकिन इस स्मार-पत्र के माध्यम से प्रशासन को आखिरी बार समय सीमा याद दिलाई जा रही है। यदि फैक्ट्री प्रबंधन और संबंधित सरकारी विभागों ने जांच के बाद त्वरित व न्यायसंगत कार्रवाई नहीं की, तो क्षेत्र की पीड़ित जनता और संबंधित संगठन मिलकर दोबारा एक बड़े लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण आंदोलन की शुरुआत करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और उद्योगपतियों की होगी।

 

मजदूरों के साथ खड़ी है माले

 

जिला सचिव अशोक पासवान ने कहा कि गिरिडीह के मजदूरों के साथ खड़ी है माले, मजदूर चिंता नहीं करे। वहीं माले नेता राजेश सिन्हा ने कहा कि बालमुकुंद प्रबंधन के के घमंड को चकनाचूर करेंगे इंतजार कीजिए। असंगठित मजदूर मोर्चा के जिला सचिव कन्हाई पांडेय ने कहा कि गिरिडीह के मजदूर लाल झंडा के साथ खड़े रहें, यही आपकी लड़ाई लड़ेगी। भाकपा माले गिरिडीह वरिष्ठ नेता परमेश्वर महतो, मुन्ना राणा, वरिष्ठ नेता सीताराम सिंह, जिला परिषद सदस्य जयंती चौधरी, वरिष्ठ नेता पवन महतो, वरिष्ठ नेता सरिता महतो, सलामत अंसारी, उसमान अंसारी, कौशल्या दास, भोला मंडल, लालमुनी यादव, सकलदेव यादव, जयनारायण यादव समेत सैकड़ों महिला पुरुष उपस्थित हुए।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top