26वीं यूथ झारखंड राज्य बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आगाज
झारखंड प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की धरती है: विधायक सरयू राय
डीजे न्यूज, धनबाद: झारखंड बास्केटबॉल संघ के तत्वावधान में एवं धनबाद जिला बास्केटबॉल संघ द्वारा आयोजित 26वीं यूथ झारखंड राज्य बास्केटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ मंगलवार को के. के. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स, नीरो, गोविंदपुर में भव्य समारोह के साथ हुआ।
उद्घाटन समारोह की शुरुआत राज्य के विभिन्न जिलों से आए बालक एवं बालिका खिलाड़ियों के आकर्षक मार्च पास्ट से हुई। इसके पश्चात मुख्य अतिथि जमशेदपुर पूर्व के विधायक एवं झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री सरयू राय सहित अन्य अतिथियों ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।
संघ की अध्यक्ष डॉ. साधना कुमारी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। अपने स्वागत भाषण में उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन एवं समर्पण के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर झारखंड बास्केटबॉल संघ के सचिव एवं अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल कोच जे. पी. सिंह ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने एवं राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से कड़ी मेहनत एवं अनुशासन के साथ अपने खेल को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
विधायक सरयू राय ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि झारखंड प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की धरती है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों में से भविष्य का कोई खिलाड़ी भारतीय बास्केटबॉल टीम का प्रतिनिधित्व करेगा और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेगा। उन्होंने खेलों को युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
कार्यक्रम के दौरान क्रेसेंट इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम ने उपस्थित दर्शकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया। खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने प्रस्तुति की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
इस अवसर पर झारखंड बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष ओलंपियन हरभजन सिंह, पूर्व बियाडा अध्यक्ष विजय झा, डॉ. शिवानी झा, डॉ. नेहा प्रियदर्शिनी, उदय कांत तिवारी, जुबैर आलम, दीपक केसरी, नरेंद्र सिंह, मोहन धारी, मीरा यादव, सुमित मंडल सहित अनेक अतिथि उपस्थित थे।
धनबाद जिला बास्केटबॉल संघ ने झारखंड बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष ओलंपियन हरभजन सिंह एवं सचिव तथा अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल कोच जे. पी. सिंह के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया, जिनके मार्गदर्शन एवं विश्वास के कारण धनबाद को इस प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में धनबाद जिला बास्केटबॉल संघ एवं आयोजन समिति के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर अनंत श्रीकृष्ण (संयुक्त सचिव, धनबाद जिला बास्केटबॉल संघ), पंकज कुमार (समन्वयक, धनबाद जिला बास्केटबॉल संघ) एवं तपन सेन (आयोजन सचिव, 26वीं यूथ झारखंड राज्य बास्केटबॉल प्रतियोगिता सहित आयोजन समिति के सभी सदस्यों ने खिलाड़ियों एवं अतिथियों के स्वागत तथा प्रतियोगिता के सफल संचालन में सक्रिय योगदान दिया।
पहले दिन के मुकाबलों के परिणाम
बालक वर्ग
पश्चिमी सिंहभूम ने हजारीबाग को 38-22 से पराजित किया।
टाटा स्टील ने रामगढ़ को 29-10 से हराया।
रांची ने छोटानागपुर को 44-12 से पराजित किया।
बालिका वर्ग
बोकारो ने सरायकेला को रोमांचक मुकाबले में 24-20 से हराया।
प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से आए लगभग 400 बालक एवं बालिका खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। आगामी दिनों में लीग एवं नॉकआउट मुकाबलों के माध्यम से राज्य की सर्वश्रेष्ठ टीमों का चयन किया जाएगा।