डीसीए ग्रीन की खिताबी जीत

Advertisements

डीसीए ग्रीन की खिताबी जीत
डीजे न्यूज, धनबाद : डीसीए ग्रीन ने इमेजिका डायग्नोस्टिक चैंपियंस लीग (जूनियर) का खिताब जीत लिया है। टाटा डिगवाडीह स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए फाइनल में डीसीए ग्रीन ने डीसीए ब्लू को नौ विकेट से पराजित किया। टास डीसीए ग्रीन ने जीता और ब्लू को पहले बल्लेबाजी के लिए कहा। डीसीए ब्लू के बल्लेबाज बुरी तरह विफल रहे और उसकी टीम 18.2 ओवर में 67 रनों पर आउट हो गई। दीपक कोड़ा ही ऐसे बल्लेबाज रहे जो दोहरे अंक में पहुंच पाए। दीपक कोड़ा ने 37 रनों की अच्छी पारी खेली। वहीं डीसीए ग्रीन के लिए हर्ष चौहान ने 11 पर तीन विकेट लिए और प्लेयर आफ द मैच बने। अंकेश कुमार ने 13 और कृष्णा पूर्ति ने तीन रन देते हुए दो-दो विकेट चटकाए। डीसीए ग्रीन ने यह स्कोर एक विकेट के नुकसान पर हासिल जरूर कर लिया, लेकिन उसे इस छोटे से लक्ष्य को हासिल करने के लिए 16.5 ओवर तक बल्लेबाजी करनी पड़ी। आलोक राज वर्मा 38 और प्रिंस यादव 16 रन बनाकर अविजित रहे। प्रशांत कुमार पासवान को एकमात्र विकेट मिला।
बाद में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि बीसीसीएल लोदना क्षेत्र के चीफ मैनेजर (एचआर) अमित कुमार महतो, टाटा स्टील झरिया डिवीजन के लीगल हेड पवन कुमार एवं इमेजिका डायग्नोस्टिक के डा. मिहिर झा ने दोनों टीमों को ट्राफियां प्रदान की। इस अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। कहा कि डीसीए खिलाड़ियों के लिए अच्छा मंच दे रही है। आप इसका लाभ उठाएं और बेहतर प्रदर्शन कर अपने आपको साबित करें। डीसीए के महासचिव विनय कुमार सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया एवं कार्यक्रम का संचालन किया। इस अवसर पर टूर्नामेंट के आब्जर्वर अशीत सहाय, जेएससीए के कार्यकारिणी सदस्य उत्तम विश्वास, डीसीए के संयुक्त सचिव बीएच खान, सहायक कोषाध्यक्ष सुनील कुमार, डा. राजशेखर सिंह, चयनकर्ताओं में पप्पू सिंह, इब्ने हसन खान व अन्य उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top