भगवान बिरसा के संघर्ष, त्याग और राष्ट्र निर्माण में योगदान को किया याद
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में हाउसिंग कॉलोनी स्थित पार्टी कार्यालय में मंगलवार को महान स्वतंत्रता सेनानी, आदिवासी समाज के गौरव एवं जननायक भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पमाला एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित कांग्रेसजनों ने महान क्रांतिकारी के संघर्ष, त्याग एवं राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सभा को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल आदिवासी समाज के ही नहीं, बल्कि पूरे देश के प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष करते हुए जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए ऐतिहासिक आंदोलन चलाया। उनका जीवन अन्याय, शोषण और दमन के खिलाफ संघर्ष का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अमर शहीद भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। आज की युवा पीढ़ी को उनके आदर्शों, संघर्षों और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव महापुरुषों के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सामाजिक न्याय, समानता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है। भगवान बिरसा मुंडा का जीवन हमें समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भी भगवान बिरसा मुंडा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में कयूम खान, गुड्डू खान, अक्षय कुमार प्रसाद, लक्ष्मण तिवारी, बिजेंद्र पासवान, प्रीतम रावानी, निवारण महतो, छोटू सिंह, निवारण गोप, गोपाल कृष्ण चौधरी, मधुसूदन सिंह चौधरी, नवीन पासवान, महेंद्र दुबे, मृत्युंजय सिंह, वीरेंद्र यादव, अजीत कुमार, अनूप पांडे, अरविंद कुमार सैनी, सत्यानंद पांडे, हरेंद्र शाही, शाहिद सहित सैकड़ों कांग्रेसजन उपस्थित थे।