उधारी का सामान नहीं दिया तो दुकानदार पर धारदार हथियार से हमला, सिर में लगे छह टांके

उधारी का सामान नहीं दिया तो दुकानदार पर धारदार हथियार से हमला, सिर में लगे छह टांके

डीजे न्यूज, गिरिडीह : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिमरियाधोडा गांव में उधारी में सामान देने से इनकार करने पर राशन दुकानदार पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो भाइयों ने दुकानदार को दुकान से बाहर खींचकर धारदार लोहे के हथियार से सिर पर वार कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल दुकानदार को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके सिर में छह टांके लगाए गए।

घायल दुकानदार की पहचान 37 वर्षीय मो. सज्जाद के रूप में हुई है। पीड़ित ने मुफस्सिल थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

आवेदन के अनुसार, घटना देर शाम करीब साढ़े सात बजे की है। सज्जाद अपनी राशन दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान गांव के ही मो. मनीर और गार्डन नाम के दो भाई दुकान पर पहुंचे और उधारी में सामान मांगने लगे। सज्जाद ने पहले का बकाया चुकाने के बाद ही सामान देने की बात कही। आरोप है कि इसी बात को लेकर दोनों गाली-गलौज करने लगे और दुकान में आग लगाने की धमकी दी।

पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद दोनों ने उसे दुकान से बाहर खींच लिया और धारदार लोहे के हथियार से सिर पर हमला कर दिया। हमले में उसका सिर फट गया और वह जमीन पर गिर पड़ा। आरोप है कि इसके बाद भी सिर के पिछले हिस्से पर दोबारा वार किया गया, जिससे वह बेहोश हो गया।

सज्जाद के अनुसार, उसके बेहोश होने के बाद आरोपियों ने दुकान में सामान इधर-उधर फेंक दिया और गल्ले में रखे करीब 20 से 25 हजार रुपये भी ले गए। परिजनों के पहुंचने पर दोनों पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

इसके बाद परिजन घायल सज्जाद को सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान उसके सिर में छह टांके लगाए। फिलहाल पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपों की सत्यता और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top