शक्ति कॉलेज सिजुआ में मनी भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि
डीजे न्यूज, सिजुआ (धनबाद); शहीद शक्तिनाथ महतो स्मारक इंटर कॉलेज, सिजुआ में महान स्वतंत्रता सेनानी एवं जननायक भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्राचार्य, शिक्षकगण, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. अरुण कुमार महतो ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष करते हुए आदिवासी समाज के अधिकारों, स्वाभिमान तथा जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनका जीवन त्याग, साहस और देशभक्ति की अमर गाथा है, जो आज भी युवाओं को प्रेरणा प्रदान करता है। भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को अपनाने, शिक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने भगवान बिरसा मुंडा के बताए मार्ग पर चलने तथा सामाजिक समरसता एवं जनकल्याण के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अरुण कुमार महतो, प्रो. रमेश प्रसाद, प्रो. मेघनाथ महतो, प्रो. राकेश कुमार महतो, प्रो. मनोज कुमार महतो, प्रो. शेखर महतो, जितेन्द्र महतो, प्रदीप महतो, मोहित महतो, लालू महतो, चक्रधर महतो, अभिमन्यु महतो एवं अनीता कुमारी सहित अन्य उपस्थित थे।