ट्रैक्टर की चपेट में आने से मजदूर की मौत
डीजे न्यूज तिसरा(धनबाद) : अलकडीहा ओपी क्षेत्र के पहाड़ीगोड़ा पानी टंकी के समीप रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल चालक एवं जीनागोड़ा आउटसोर्सिंग में कार्यरत असंगठित मजदूर त्रिलोचन कुमार महतो (लगभग 30 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतक त्रिलोचन कुमार महतो लोदना तिलाईबनी बस्ती निवासी बिनोद महतो के बड़े पुत्र थे। बताया जाता है कि रविवार सुबह वह ड्यूटी के लिए घर से जीनागोड़ा आउटसोर्सिंग गए थे। इसी दौरान वह पहाड़ीगोड़ा स्थित अपने एक रिश्तेदार के यहां मिलने पहुंचे थे। वहां से लौटने के क्रम में पहाड़ीगोड़ा के समीप पत्थर लदे एक ट्रैक्टर की चपेट में आ गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल त्रिलोचन को इलाज के लिए एसएनएमसीएच, धनबाद ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही तिलाईबनी बस्ती में मातम पसर गया। मृतक की पत्नी सुषमा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार यही कह रही हैं कि अब बच्चों का भविष्य कैसे बनेगा। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना मिलते ही अलकडीहा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर तथा मोटरसाइकिल को जब्त कर थाना ले आई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर सुरंगा निवासी छोटू महतो का बताया जा रहा है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक मामले में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मृतक अपने पीछे पत्नी सुषमा देवी, दो पुत्रियां मोनिका कुमारी (6 वर्ष) और दिया कुमारी (4 वर्ष) तथा एक दो वर्षीय पुत्र को छोड़ गए हैं। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी त्रिलोचन के कंधों पर ही थी। उनकी असामयिक मौत से परिजनों के सामने आजीविका और बच्चों के भविष्य को लेकर गंभीर संकट खड़ा हो गया है।