थाना प्रभारी पर रिश्वत का आरोप लगा जीटी रोड पर धरने पर बैठा जमीन मालिक
पौन घंटे चला हाई वोल्टेज ड्रामा
डीजे न्यूज, बगोदर(गिरिडीह) : जमीन विवाद को लेकर रविवार को बगोदर थाना गेट के समीप पुराने जीटी रोड पर उस समय हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक जमीन मालिक थाना प्रभारी पर रिश्वत लेने का आरोप लगाते हुए बीच सड़क धरने पर बैठ गया। करीब पौन घंटे तक चले इस घटनाक्रम के कारण मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।
बगोदर बाजार निवासी गौरी शंकर ने बगोदर थाना प्रभारी राजेश कुमार पर 50 हजार रुपये रिश्वत लेने का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि संतुरपी-गैडा स्थित उनकी जमीन पर दूसरे पक्ष द्वारा जबरन निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इसे रोकने के लिए उन्होंने 3 जून को थाना में लिखित शिकायत दी थी।
गौरी शंकर के अनुसार उनके पिता ने वर्ष 1981 तथा उससे पूर्व रविंद्र प्रसाद समेत तीन लोगों से करीब 60 डिसमिल जमीन खरीदी थी, जो वर्तमान में उनकी माता अरुणा देवी के नाम पर है। आरोप है कि भूमि पर दूसरे पक्ष द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा है और शिकायत के बावजूद पुलिस मौन बनी रही। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि थाना प्रभारी ने कार्रवाई के नाम पर पैसे लिए, लेकिन उनके पक्ष में कोई कदम नहीं उठाया।