बालमुकुंद फैक्ट्री : मजदूरों की छंटनी के खिलाफ 16 जून को चेतावनी रैली

Advertisements

बालमुकुंद फैक्ट्री : मजदूरों की छंटनी के खिलाफ 16 जून को चेतावनी रैली
तैयारी में जुटी भाकपा माले, गांव-गांव में हो रही बैठकें
डीजे न्यूज, गिरिडीह : बालमुकुंद स्पोंज आयरन द्वारा हटाए गए मजदूरों को पुनः काम पर बहाल कराने की मांग को लेकर 16 जून को प्रस्तावित चेतावनी रैली की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। रैली का नेतृत्व भाकपा माले और उसके मजदूर संगठन असंगठित मजदूर मोर्चा द्वारा किया जा रहा है। इसको लेकर श्रीरामपुर पंचायत के विभिन्न गांवों में लगातार बैठकें और जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में रविवार को पुरनी पेटरिया में रैली और सभा का आयोजन किया गया। नेताओं ने कहा कि यह चेतावनी रैली मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए आयोजित की जा रही है। यदि बालमुकुंद फैक्ट्री प्रबंधन हटाए गए मजदूरों को पुनः काम पर नहीं रखता है, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
रैली में सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए। इसकी अगुवाई कन्हैया पांडेय, किशोर राय और दीपक गोस्वामी ने की। मौके पर नवीन पांडेय, हुबलाल राय, भिखारी राय, भीम कोल, सूदन कोल, तुलसी तुरी, गुलाब कोल, लखन कोल, रंजीत राय सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष उपस्थित थे।
चेतावनी रैली के संबंध में माले नेता राजेश सिन्हा और कन्हैया पांडेय ने कहा कि प्रशासन के लिखित आश्वासन तथा बकरीद पर्व को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अपना धरना स्थगित किया था। लेकिन इसके बावजूद फैक्ट्री प्रबंधक परशुराम तिवारी ने 24 स्थानीय मजदूरों को और काम से हटा दिया तथा गिरिडीह छोड़कर अन्य स्थान पर चले गए।
उन्होंने कहा कि उनका सवाल है कि फैक्ट्री प्रबंधन को स्थानीय मजदूरों से इतनी नाराजगी क्यों है। इसकी जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। नेताओं ने आरोप लगाया कि बालमुकुंद फैक्ट्री श्रम कानूनों और फैक्ट्री अधिनियम के प्रावधानों का भी पालन नहीं करती है।
उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को सिंदरी के माले विधायक अरूप चटर्जी ने विधानसभा में भी उठाया था, जिस पर श्रम मंत्री ने अपनी प्रतिक्रिया दी थी। इसके बावजूद फैक्ट्री प्रबंधन ने 24 मजदूरों को दोबारा काम से हटा दिया।
माले नेताओं ने कहा कि छंटनी किए गए मजदूरों की सूची और आवेदन उपायुक्त गिरिडीह, अनुमंडल पदाधिकारी, श्रम अधीक्षक तथा मुफस्सिल थाना को सौंप दिए गए हैं। यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र पहल नहीं की गई तो 16 जून को पपरवाटांड़ से उपायुक्त कार्यालय तक चेतावनी रैली निकाली जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस रैली में जिले भर के माले नेता, कार्यकर्ता और मजदूर बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top