मारवाड़ी युवा मंच ने 71 प्रतिभाओं को किया सम्मानित
शिक्षा और समाजसेवा में उत्कृष्ट योगदान का मिला सम्मान
डीजे न्यूज तिसरा(धनबाद) : मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अग्रवाल धर्मशाला, नया भवन में रविवार को भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 का आयोजन किया गया। समारोह में शैक्षणिक, व्यावसायिक तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त करने वाले कुल 71 विद्यार्थियों एवं युवाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष किरण शर्मा ने की। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि सीए रविन्द्र कुमार पटनिया, विशिष्ट अतिथि राजकुमार अग्रवाल, डॉ. सूरज चवान, विजय सांवरिया तथा अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय संयोजक (रक्तदान) विवेक लील्हा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर शाखा के पूर्व अध्यक्ष विवेक लील्हा को अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच में राष्ट्रीय संयोजक (रक्तदान) के रूप में मनोनीत किए जाने पर विशेष सम्मान प्रदान किया गया। मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि लगभग 25 वर्षों के बाद झरिया शाखा के किसी सदस्य को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में महत्वपूर्ण दायित्व प्राप्त हुआ है, जो पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।
सम्मानित प्रतिभाओं में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राएं, उच्च शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी, विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में सफलता हासिल करने वाले युवा तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित प्रतिभाएं शामिल थीं।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में किरण शर्मा ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान समाज के उज्ज्वल भविष्य की नींव को मजबूत करता है। आज सम्मानित हो रहे विद्यार्थी ही कल समाज और राष्ट्र का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने कहा कि मारवाड़ी युवा मंच शिक्षा, संस्कार और सामाजिक दायित्वों के प्रति सदैव समर्पित रहा है तथा आगे भी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का कार्य निरंतर जारी रखेगा।
राष्ट्रीय संयोजक विवेक लील्हा ने कहा कि झरिया शाखा सेवा, संस्कार और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में हमेशा अग्रणी रही है। राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह दायित्व पूरी शाखा का सम्मान है। उन्होंने युवाओं से समाजसेवा, रक्तदान और जनकल्याण के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि सीए रविन्द्र कुमार पटनिया ने विद्यार्थियों को अनुशासन, निरंतर परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। वहीं विशिष्ट अतिथियों ने सभी सम्मानित प्रतिभाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन समारोह संयोजक मयंक केजरीवाल ने प्रस्तुत किया। समारोह का प्रभावशाली मंच संचालन निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन शाखा सचिव सन्नी अग्रवाल ने किया।
समारोह में समाज के गणमान्य नागरिक, अभिभावक, विद्यार्थी तथा मारवाड़ी युवा मंच के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन कर उन्हें शिक्षा, समाजसेवा और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा।