ग्रामीणों के साथ सड़क पर उतरे मेयर संजीव सिंह, कनकनी आउटसोर्सिंग के ओबी डंप पर जताया कड़ा विरोध बीसीसीएल अधिकारियों को लगाई फटकार, बोले— “एकड़ा जोरिया पर पुल निर्माण और ओबी डंप किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं”

Advertisements

ग्रामीणों के साथ सड़क पर उतरे मेयर संजीव सिंह, कनकनी आउटसोर्सिंग के ओबी डंप पर जताया कड़ा विरोध

बीसीसीएल अधिकारियों को लगाई फटकार, बोले— “एकड़ा जोरिया पर पुल निर्माण और ओबी डंप किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं”

डीजे न्यूज, धनबाद: बीसीसीएल के सिजुआ क्षेत्र अंतर्गत कनकनी में संचालित आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा किए जा रहे ओबी डंपिंग और एकड़ा जोरिया क्षेत्र में प्रस्तावित निर्माण कार्य के विरोध में एकड़ा गोपालीचक के ग्रामीण एकजुट हो गए। शुक्रवार को ग्रामीणों के आंदोलन की सूचना मिलते ही मेयर संजीव सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।

निरीक्षण के दौरान मेयर संजीव सिंह ने बीसीसीएल अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और क्षेत्र की जनता की भावनाओं से खिलवाड़ नहीं करने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि बिना स्थानीय लोगों की सहमति और पर्यावरणीय प्रभावों का आकलन किए किसी भी प्रकार का कार्य करना उचित नहीं है।

मेयर संजीव सिंह ने कहा, “यह क्षेत्र हजारों ग्रामीणों की जीवनरेखा है। एकड़ा जोरिया प्राकृतिक जलस्रोत और स्थानीय पर्यावरण का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे में बीसीसीएल यह बताए कि आखिर किस आधार पर यहां पुल निर्माण और ओबी डंपिंग की योजना बनाई जा रही है। जनता की आवाज को नजरअंदाज कर कोई भी परियोजना लागू नहीं होने दी जाएगी।”

उन्होंने आगे कहा, “ग्रामीणों की जमीन, जलस्रोत और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों पर प्रशासन और बीसीसीएल को संवेदनशीलता दिखानी होगी। यदि जनहित की अनदेखी कर जबरन कार्य किया गया तो व्यापक जनआंदोलन खड़ा होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।”

मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने मेयर को बताया कि आउटसोर्सिंग कंपनी की ओर से लगातार ओबी डंपिंग किए जाने से क्षेत्र के पर्यावरण, कृषि भूमि और जलस्रोतों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि प्रस्तावित कार्यों से भविष्य में कई गांवों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो सकता है।

मेयर संजीव सिंह ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी मांगों और चिंताओं को संबंधित अधिकारियों एवं उच्च स्तर तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा तथा जनहित के खिलाफ किसी भी निर्णय का पुरजोर विरोध किया जाएगा।

इस दौरान बड़ी संख्या में एकड़ा, गोपालीचक सहित आसपास के ग्रामीण उपस्थित रहे और क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top