झरिया चार नंबर बस स्टैंड में रंगदारी को लेकर चाकूबाजी, युवक घायल

Advertisements

झरिया चार नंबर बस स्टैंड में रंगदारी को लेकर चाकूबाजी, युवक घायल
डीजे न्यूज तिसरा(धनबाद) : झरिया थाना क्षेत्र के चार नंबर बस स्टैंड स्थित शौचालय के पीछे मंगलवार की रात दो युवकों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घटना में सोनू साव (24) चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। चाकूबाजी की घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सब्जी बागान निवासी विनोद साहू का पुत्र सोनू साव और भीम मोदी का पुत्र राजा मोदी (23) साथ में घूम रहे थे। बताया जाता है कि दोनों ने साथ में शराब भी पी थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते चाकूबाजी तक पहुंच गया।
घटना में चाकू लगने से सोनू साव लहूलुहान होकर घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल इलाज के लिए झरिया स्थित प्रसाद नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे धनबाद रेफर कर दिया। खबर लिखे जाने तक सोनू साव से संपर्क नहीं हो पाने के कारण उसका पक्ष सामने नहीं आ सका है। वहीं, स्थानीय स्तर पर यह चर्चा है कि विवाद की वजह रंगदारी की मांग को लेकर उत्पन्न हुई।
इस संबंध में पेशे से चना विक्रेता राजा मोदी ने बताया कि सोनू साव द्वारा उससे रंगदारी की मांग की जा रही थी। घटना के समय दोनों साथ में थे। राजा मोदी के अनुसार, रंगदारी देने से इनकार करने पर सोनू ने अचानक चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया। उसने बताया कि हाथापाई के दौरान चाकू उसे भी लगा और इसी क्रम में सोनू साव भी घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद झरिया पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए घटना की छानबीन कर रही है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top