सलैया–पचम्बा सड़क का होगा कायाकल्प, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
डीजे न्यूज, गिरिडीह : लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ी सलैया रेलवे स्टेशन रोड की तस्वीर अब बदलने वाली है। सड़क निर्माण को लेकर आखिरकार हरी झंडी मिल गई है। पीडब्ल्यूडी और रेलवे विभाग के संयुक्त अधिकारियों ने सड़क का निरीक्षण कर मापी एवं सर्वेक्षण का कार्य पूरा कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
सड़क बनने के बाद क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। वर्षों से खराब सड़क के कारण यात्रियों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब नई और बेहतर सड़क बनने से वाहन सरपट दौड़ सकेंगे तथा रेलवे स्टेशन तक पहुंचना भी आसान हो जाएगा। क्षेत्रवासियों ने सड़क निर्माण की पहल का स्वागत करते हुए जल्द कार्य शुरू होने की उम्मीद जताई है।