जीनागोरा के लोगों का पुनर्वास करे प्रबंधन, नहीं तो जोरदार आंदोलन : ढुल्लू महतो
आउटसोर्सिंग की ब्लास्टिंग, धूल और प्रदूषण पर सांसद ने जताई नाराजगी, डीसी व सीएमडी के समक्ष उठाएंगे मामला
डीजे न्यूज, तिसरा(धनबाद) : लोदना क्षेत्र के जीनागोरा माड़ी गोदाम मुहल्ला में रविवार देर शाम पहुंचे धनबाद सांसद ढुलू महतो ने मंच से बीसीसीएल एवं आउटसोर्सिंग प्रबंधन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों के घरों पर रोजाना आउटसोर्सिंग की ब्लास्टिंग से पत्थर उड़कर गिर रहे हैं, जिससे लोगों की जान-माल को खतरा बना हुआ है। वहीं धूल और प्रदूषण के कारण स्थानीय लोग विभिन्न बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं।
सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि जीनागोरा के लोगों की समस्याओं को लेकर वे उपायुक्त (डीसी) तथा बीसीसीएल के सीएमडी से मुलाकात करेंगे और पूरे मामले से उन्हें अवगत कराएंगे। उन्होंने कहा, “समुचित व्यवस्था के साथ यहां के लोगों को जल्द विस्थापित करे प्रबंधन, नहीं तो जोरदार आंदोलन होगा।”
उन्होंने आरोप लगाया कि आउटसोर्सिंग प्रबंधन की गतिविधियों से क्षेत्र के लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है और उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने प्रबंधन से स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा स्थायी समाधान निकालने की मांग की।
गौरतलब है कि करीब 15 दिन पूर्व इसी स्थान पर धनबाद के मेयर संजीव सिंह भी पहुंचे थे। उन्होंने भी क्षेत्र में रह रहे लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए आउटसोर्सिंग प्रबंधन को खरी-खोटी सुनाई थी। मेयर संजीव सिंह के बाद यहां सांसद ढुलू महतो का पहुंचना चर्चा का विषय बना हुआ है।
मौके पर योगेंद्र यादव, सूरज भुईयां, रामबाबू यादव, जितेंद्र प्रसाद, अनूप साव सहित अन्य लोग उपस्थित थे।