मोहनाद में निषेधाज्ञा के बीच समझौता, प्रशासन का सख्त संदेश

Advertisements

मोहनाद में निषेधाज्ञा के बीच समझौता, प्रशासन का सख्त संदेश

बवाल के बाद सुलह, फिलहाल चार पर प्राथमिकी 

डीजे न्यूज, टुंडी(धनबाद) : टुंडी के बरवाटांड़ पंचायत अंतर्गत मोहनाद में शुक्रवार की शाम हुए बवाल के बाद प्रशासनिक चुस्ती से तनाव के बीच शांति कायम रही। इस मामले में पुलिस ने फिलहाल पशु तस्करी को लेकर हिरासत में लिए गए तीनों समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी की है। मोहनाद गांव में निषेधाज्ञा अभी भी लागू है। इधर राजकुमार कुंभकार समेत ग्रामीणों के संयुक्त आवेदन पर पुलिस ने यह प्राथमिकी की है। हिरासत में लिए गए सरफुद्​दीन अंसारी, उसके पुत्र अशरफ अंसारी एवं चालक मनव्वर से पुलिस पूछताछ कर रही है। प्राथमिकी में चौथा आरोपित सरफुद्​दीन के पुत्र अब्दुल अंसारी को बनाया गया है। इधर प्रशासन ने दोनों समुदाय के गणमान्य लोगों के साथ शांति समिति की बैठक आयोजित की। बैठक में दोनों पक्षों ने शांति बनाए रखने का संकल्प लिया। बैठक में प्रशासन ने लोगों से संयम बरतने, सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट साझा नहीं करने तथा शांति एवं भाईचारा कायम रखने में सहयोग करने का आग्रह किया। अधिकारियों ने बताया कि गांव की स्थिति पर प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई है। बैठक में उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों समुदाय के लोगों से तनाव समाप्त कर सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाने और शांति बनाए रखने की अपील की। इस मौके पर प्रतिबंधित मांस की खुलेआम खरीद बेचने पर लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई। साथ ही भविष्य में ऐसी घटना का पुनरावृत्ति नहीं हो इसकी गारंटी मांगी। पुलिस ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि इस घटना की गहन जांच की जा रही है। दोषी होने पर या इस तरह की घटना होने पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दोनों पक्षों ने लिखित बॉन्ड भरा तब समझौता हुआ और तनाव घटा। ग्रामीणों ने सरफुद्​दीन अंसारी के परिजनों को वापस अपने घर आने को कहा और आश्वस्त किया कि आगे किसी तरह का कोई नुकसान नहीं होगा। बताते चले कि शुक्रवार को घटना के बाद सरफुद्​दीन के सभी परिजन टुंडी अपने रिश्तेदार के यहां चले गए हैं। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। शांति समिति की बैठक में दोनों समुदाय के गणमान्य लोगों के अलावे प्रखंड विकास पदाधिकारी विशाल पाण्डेय, सीओ सुरेश वर्णवाल, डीएसपी मुख्यालय टू नाजिर अख्तर, थाना प्रभारी उमाशंकर, भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष मोहन कुंभकार, भाजपा नेता मोतीलाल मुर्मू, मुखिया अजीमुद्दीन अंसारी सहित आसपास के सैकड़ों लोग उपस्थित थे। क्या था मामला : टुंडी के बरवाटांड़ पंचायत अंतर्गत मोहनाद गांव में शुक्रवार की शाम प्रतिबंधित मांस और मालवाहक में गोवंश मिलने के बाद भारी बवाल मच गया था। सैकड़ों आक्रोशित लोगों ने आरोपितों को उसके घर में ही घेर लिया था। इधर मौके पर पहुंची पुलिस को भीड़ से आरोपितों को सुरक्षित निकालकर ले जाने के लिए फायरिंग भी करनी पड़ी थी। फायरिंग और लाठीचार्ज के बाद भीड़ छंट गई थी और पुलिस तीनों आरोपितों को पथराव के बीच सुरक्षित हिरासत में लेकर थाना ले आई थी। पथराव में पुलिसकर्मियों को भी चोट लगी थी। इधर वहां तनाव को देखते हुए एसडीएम लोकेश बारंगे ने निषेधाज्ञा लगा दी थी। पूरे गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया था। हिरासत में लिए गए लोगों में आरोपित अशरफ अंसारी, उसके पिता व गृह मालिक सरफुद्​दीन अंसारी एवं वाहन चालक जो गोविंदपुर के देवली का है मनव्वर अंसारी शामिल थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top