टाटा मलकेरा में पारंपरिक तरीके से होती है मां की आराधना
रावण दहन का आनंद उठाने जुटती है अपार भीड़, स्थानीय युवा गढ़ रहे दशानन का पुतला
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): यूं तो कतरास कोयलांचल में दुर्गोत्सव की अपनी एक अलग पहचान है। मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा, देश-विदेश की अनुकृति के पंडाल और आकर्षक विद्युत सज्जा को देखने के लिए सिर्फ धनबाद जिला ही नहीं बल्कि दूसरे प्रदेश से भी श्रद्धालु यहां आते हैं।
इससे अलग टाटा मलकेरा में आयोजित दुर्गोत्सव की एक खास पहचान है। यहां विजयादशमी की शाम आयोजित होने वाले रावण दहन कार्यक्रम का आनंद उठाने कतरास, लकड़का, मलकेरा, देवग्राम, पतराकुल्ही, चैनपुर, सवालडीह, वैद्यनवाडीह, पासीटांड़, रामपुर, भेलाटांड़, बांसकपुरिया, सिजुआ आदि जगह से लोगों की काफी भीड़ जुटती है।
स्थानीय युवा गढ़ रहे 40 फीट ऊंची दशानन का पुतला
दुर्गोत्सव के अवसर पर टाटा मलकेरा में रावण दहन का आयोजन किया जाता है। मलकेरा फुटबॉल ग्राउंड में विजयादशमी की शाम आयोजित किया जाने वाला रावण दहन श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र होता है। इस बार 40 फीट ऊंची दशानन के पुतले को आकार देने में स्थानीय युवा लगे हुए हैं। शुक्रवार को आयोजन समिति की ओर से बताया गया कि रावण दहन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि धनबाद सांसद ढुलू महतो और बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो होंगे। बताया कि आतिशबाजी का जिम्मा कतरास के छाताबाद निवासी मशहूर आतिशबाज मो. निजाम को दी गई है। रावणासुर के पुतले को अंतिम रूप देने में स्थानीय युवा गुड्डु राय, करण हरि, गणेश हरि, ऋत्विक हरि, राहुल रजवार, राजू राय, आनंद राय, अनीष राय आदि दिन-रात लगे हुए हैं।