फतेहपुर में अबुआ आवास बन गया, मजदूरी नहीं मिली

Advertisements

फतेहपुर में अबुआ आवास बन गया, मजदूरी नहीं मिली

 

लाभुक परेशान, मजदूरी भुगतान नहीं होने पर धरना की चेतावनी

डीजे न्यूज, टुंडी(धनबाद) : टुंडी प्रखंड के पश्चिमी क्षेत्र स्थित फतेहपुर पंचायत के करीब 125 अबुआ आवास के लाभुक मजदूरी नहीं मिलने से वहां के मुखिया से नाराज हैं। अधिकांश अबुआ आवास के लाभुकों का आवास लगभग पूर्ण हो चुका है, लेकिन उन्हें आवास निर्माण के लिए मनरेगा मद से मिलने वाली मजदूरी का भुगतान नहीं किया जा रहा है।

बताया जाता है कि प्रति अबुआ आवास लाभुक को मनरेगा योजना के तहत मजदूरी भुगतान मद में 20 हजार रुपये का भुगतान किया जाना है, लेकिन पंचायत क्षेत्र के एक भी अबुआ आवास के लाभुक को मजदूरी मद का भुगतान नहीं किया गया है। जबकि अधिकांश आवास लगभग बनकर तैयार हैं और सिर्फ दरवाजा एवं खिड़की लगना बाकी है।

मजदूरी का भुगतान नहीं होने से लाभुकों को मिस्त्री एवं मजदूर प्रतिदिन भुगतान के लिए दबाव बना रहे हैं। वहीं प्रखंड कार्यालय टुंडी द्वारा भी लगातार आवासों को पूर्ण करने का दबाव दिया जा रहा है। लेकिन सत्र 2023-24 और 2024-25 के लंबित करीब 125 लाभुकों का अबुआ आवास मजदूरी भुगतान नहीं होने से योजना अधूरी पड़ी हुई है।

मामले को लेकर सत्र 2023-24 और 2024-25 के फतेहपुर पंचायत के दर्जनों अबुआ आवास लाभुकों में रसोदी देवी, मुन्नी देवी, शांति देवी, भवानी देवी, बच्चु देवी, फुदवा देवी, चौलिया देवी, गुजरी देवी, सुनीता देवी, सोनमती देवी, ननिहा देवी सहित दो दर्जन से अधिक लाभुक धनबाद पहुंचकर उपायुक्त आदित्य रंजन से मिले और अविलंब मजदूरी भुगतान करवाने की मांग की।

लाभुकों का कहना है कि एक तरफ राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन घोषणा करते हैं कि राज्य के आवासविहीन लोगों को पक्का छत उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, लेकिन ऐसे भी मुखिया हैं जो निजी स्वार्थ में मुख्यमंत्री की घोषणा को भी दरकिनार कर रहे हैं।

इस संबंध में पंचायत सचिव भीम पदो रविदास से पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “डिमांड पेपर में उनके द्वारा हस्ताक्षर कर दिया गया है, लेकिन मुखिया जी सिग्नेचर नहीं करते हैं तो मैं क्या करूं।”

वहीं मुखिया दुबई मुर्मू का कहना है कि “उन्हें अबुआ आवास के संबंध में कोई जानकारी नहीं है।”

मामले को लेकर लाभुकों ने चेतावनी दी है कि यदि अविलंब मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया तो वे टुंडी प्रखंड कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन पर बैठेंगे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top