एक आत्मविश्वासी शिक्षक हजारों विद्यार्थियों की दिशा और प्रभावी संवाद पूरी पीढ़ी की सोच बदल सकता है : डाॅ शालिनी खोवाला
स्कॉलर बीएड कॉलेज में “सेल्फ कॉन्फिडेंस एंड इफेक्टिव स्किल” विषय पर लेक्चर सीरीज का शुभारंभ
डीजे न्यूज,गिरिडीह : वनहट्टी स्थित स्कॉलर बी एड कॉलेज में छात्रों के बौद्धिक विकास, सकारात्मक सोच और सृजनात्मक क्षमता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आईक्यूएसी सेल के तहत पाँच दिवसीय लेक्चर सीरीज का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का विषय “सेल्फ कॉन्फिडेंस एंड इफेक्टिव स्किल” रखा गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में मदन मोहन मिश्रा शामिल हुए। कॉलेज की प्राचार्या डॉ शालिनी खोवाला ने पुष्पगुच्छ एवं मोमेंटो देकर उनका स्वागत किया।
अपने संबोधन में डॉ शालिनी खोवाला ने कहा कि यह लेक्चर सीरीज छात्रों को समाज और राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि “एक आत्मविश्वासी शिक्षक हजारों विद्यार्थियों की दिशा बदल सकता है और प्रभावी संवाद पूरी पीढ़ी की सोच बदलने की क्षमता रखता है।”
मुख्य वक्ता मदन मोहन मिश्रा ने कहा कि शिक्षक का संवाद केवल शब्द नहीं बल्कि प्रेरणा का माध्यम होना चाहिए, क्योंकि एक शिक्षक की आवाज कई पीढ़ियों का भविष्य गढ़ती है।
डीएलएड प्रभारी डॉ हरदीप कौर ने भी अपने विचार रखते हुए विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में आशीष राज एवं डॉ सुधांशु शेखर जमैयार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मंच संचालन आशीष राज और डॉ संतोष चौधरी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ सुधांशु शेखर जमैयार ने किया।
कार्यक्रम में कॉलेज के सभी शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी और प्रशिक्षु छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।