स्वास्थ्य जांच, जनसुनवाई एवं लाभुक संतृप्तिकरण शिविरों से जुड़ेंगे जनजातीय परिवार : रामनिवास यादव

Advertisements

स्वास्थ्य जांच, जनसुनवाई एवं लाभुक संतृप्तिकरण शिविरों से जुड़ेंगे जनजातीय परिवार : रामनिवास यादव

पीवीटीजी समुदायों के सर्वांगीण विकास के लिए विशेष अभियान का उपायुक्त एवं उप विकास आयुक्त ने किया उद्घाटन
डीजे न्यूज, गिरिडीह : उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी रामनिवास यादव एवं उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने सोमवार को समाहरणालय सभागार में दीप प्रज्वलित कर पीवीटीजी समुदायों के लिए विशेष जागरूकता एवं लाभुक संतृप्तिकरण अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। यह अभियान 18 मई से 25 मई तक जिले के चिन्हित जनजातीय क्षेत्रों में संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTGs) तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना एवं उन्हें सामाजिक, शैक्षणिक तथा स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं से शत-प्रतिशत आच्छादित करना है।
इस अवसर पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि जनजातीय समुदायों के समग्र विकास के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान गांव-गांव में विशेष शिविर आयोजित कर पात्र लाभुकों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ा जाएगा। साथ ही स्वास्थ्य जांच, शिकायत निवारण, आधारभूत सुविधाओं की जानकारी तथा अधिकारों के प्रति जागरूकता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान को पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता एवं समन्वय के साथ संचालित करें ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाए। आगे उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 19 मई से 25 मई तक विभिन्न पीवीटीजी गांवों में “Beneficiary Saturation Camps” आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में स्वास्थ्य परीक्षण, जनकल्याणकारी योजनाओं में पंजीकरण, दस्तावेज सत्यापन तथा जन समस्याओं के समाधान की व्यवस्था की जाएगी। वहीं 20 मई को “Village Immersion Drive – A Village Contact Activity” के अंतर्गत अधिकारी एवं कर्मयोगी गांवों का भ्रमण कर वहां की वास्तविक स्थिति का आकलन करेंगे एवं लोगों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करेंगे। इसके अतिरिक्त 21 मई से 23 मई तक जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें प्राप्त शिकायतों के त्वरित निष्पादन एवं लंबित मामलों के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। 24 मई को अभियान की प्रगति रिपोर्ट एवं दस्तावेजीकरण का कार्य किया जाएगा, जबकि 25 मई को समाहरणालय सभागार में समीक्षा एवं डी-ब्रीफिंग बैठक आयोजित कर अभियान की उपलब्धियों एवं आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी। उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने कहा कि यह अभियान केवल योजनाओं की जानकारी देने तक सीमित नहीं है, बल्कि जनजातीय परिवारों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसके लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय एवं जमीनी स्तर पर सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अभियान के दौरान प्रत्येक गांव में पहुंचकर लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने एवं उनका त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया। मौके पर अपर समाहर्ता, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, निदेशक डीआरडीए, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं संबंधित कर्मी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top