पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती करे सरकार : नवनीत नीरज
डीजे न्यूज, धनबाद : धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष नवनीत नीरज ने लगातार बढ़ रही पेट्रोल और डीजल की कीमतों के खिलाफ केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। नवनीत नीरज ने कहा कि देश में महंगाई चरम पर है और पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने से सिर्फ वाहन चलाने वाले लोग ही प्रभावित नहीं हो रहे हैं, बल्कि इसका असर हर जरूरत की चीजों पर पड़ रहा है। खाद्य सामग्री, सब्जी, फल, परिवहन, कृषि कार्य और रोजमर्रा के सामान की कीमतें लगातार बढ़ती जा रही हैं। गरीब, मजदूर, किसान, छात्र और मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा परेशान हैं।
नवनीत नीरज ने कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम होती हैं तब भी जनता को उसका लाभ नहीं दिया जाता, लेकिन जैसे ही कीमतों में मामूली वृद्धि होती है, सरकार तुरंत पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा देती है। यह पूरी तरह जनविरोधी नीति है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सिर्फ बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने में लगी हुई है जबकि आम जनता महंगाई की मार झेल रही है। युवाओं के पास रोजगार नहीं है, किसानों की आय नहीं बढ़ रही है और ऊपर से ईंधन की बढ़ती कीमतों ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है।
अंत में नवनीत नीरज ने मांग की कि केंद्र सरकार तत्काल पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती करे, आम जनता को राहत दे तथा बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार जनता की समस्याओं को नजरअंदाज करती रही तो कांग्रेस पार्टी सड़क से सदन तक जोरदार आंदोलन करेगी।