राजगंज में श्रद्धा व भक्ति के साथ महिलाओं ने की वट सावित्री पूजा
डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद) : राजगंज क्षेत्र के अंतर्गत जरमुनाई मरचकोचा में शनिवार को सुहागिन महिलाओं ने श्रद्धा एवं आस्था के साथ वट सावित्री पूजा की। पति की लंबी आयु, सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना को लेकर महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
सुबह से ही बरगद (वट) वृक्ष के नीचे पूजा करने के लिए महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाओं ने वट वृक्ष में धागा बांधकर उसकी परिक्रमा की तथा सावित्री-सत्यवान की कथा सुनकर पूजा संपन्न की। कई गांवों से महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में पूजा में शामिल हुई।
पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। मंदिरों एवं वट वृक्ष के आसपास पूजा-पाठ और भक्ति गीतों से वातावरण गूंजता रहा। महिलाओं ने अपने परिवार की सुख-शांति और पति की दीर्घायु की कामना करते हुए व्रत रखा।