अंतरराष्ट्रीय डेंगू दिवस पर भालगोरा में ग्राम सभा, ग्रामीणों को किया जागरूक
डेंगू से बचाव, मच्छरों की रोकथाम और जनभागीदारी पर हुई चर्चा, सही जवाब देने वालों को मिला पुरस्कार
डीजे न्यूज तिसरा(धनबाद) : अंतरराष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर शुक्रवार को भालगोरा में ग्राम सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झरिया सह जोरापोखर की बीबीडी टीम द्वारा किया गया। विगत एक सप्ताह से विभिन्न गांवों में डेंगू से बचाव और रोकथाम को लेकर ग्राम सभा एवं ग्रामीणों के बीच जागरूकता बैठकें आयोजित की जा रही हैं।
इसी क्रम में भालगोरा में मीना खातून की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी डॉ दिलीप कुमार ने मच्छरों को पनपने से रोकने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने गांव में जमा पानी, टंकियों और जलजमाव वाले स्थानों की नियमित सफाई पर जोर दिया। साथ ही फॉगिंग एवं लार्वा नाशक दवाओं के छिड़काव के माध्यम से मच्छरों को खत्म करने की जानकारी दी गई।
ग्रामीणों को पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने, मच्छरदानी का उपयोग करने तथा घर-घर सर्वे कर डेंगू मरीजों की पहचान में सहिया की भूमिका के बारे में भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम में बताया गया कि तेज बुखार, सिरदर्द और जोड़ों में दर्द डेंगू के प्रमुख लक्षण हैं तथा एडीज मच्छर दिन में काटते हैं। ग्रामीणों से अपील की गई कि गमले, कूलर, टायर आदि में पानी जमा नहीं होने दें।
ग्राम सभा में ग्रामीण क्षेत्रों में डेंगू के मामलों को कम करने के लिए जनभागीदारी और ग्राम सभा की सक्रिय भूमिका पर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम के दौरान पूछे गए सवालों का सही जवाब देने पर फूला देवी को प्रथम पुरस्कार, जीनत को द्वितीय पुरस्कार तथा सहिया साथी ममता देवी को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं अनिता देवी, सुलेखा देवी, नेहा श्रीवास्तव, डॉली देवी और खुशबू देवी को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सहिया साथी ममता देवी, शकीना बेगम सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।