झरिया अंचल कार्यालय की कार्यशैली के खिलाफ कांग्रेस का धरना
डीजे न्यूज तिसरा(धनबाद) : कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को झरिया स्थित अंचल कार्यालय में व्याप्त जनसमस्याओं एवं योजनाओं में अनियमितता के खिलाफ एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। यह कार्यक्रम झरिया नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्याम किशोर साहू एवं प्रखंड कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भगवान दास के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
धरना को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष संतोष सिंह ने कहा कि धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी को लगातार जिले भर से आम जनता एवं लाभुकों की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं कि अंचल कार्यालयों में लोगों के कार्य समय पर नहीं हो रहे हैं। छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी लोगों को बार-बार कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ रहा है, जिससे जनता काफी परेशान है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सही एवं जरूरतमंद लोगों तक पूरी तरह नहीं पहुंच पा रहा है। विशेष रूप से मैया सम्मान योजना, विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में भारी अनियमितता एवं लापरवाही देखने को मिल रही है। कई जरूरतमंद लाभुक आज भी योजनाओं से वंचित हैं, जबकि उन्हें तत्काल सहायता की आवश्यकता है।
वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर लगातार संघर्ष करती रहेगी तथा अंचल कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार, दलाल व्यवस्था एवं प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा। धरना के माध्यम से प्रशासन से मांग की गई कि आम जनता के कार्यों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा सभी पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से मिले।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से विधानसभा प्रभारी साइद कमर, आशीष सिन्हा, दीपक कुमार, विशेष आमंत्रित सदस्य मुख्तार खान, प्रदेश प्रवक्ता शमशेर आलम, प्रमोद सिंह चंद्रवंशी, मनोहर राजवार, भोला सिंह, रामजी सिंह, अशोक मालाकार, इरफान खान चौधरी, वीरेंद्र गुप्ता, वीरेंद्र यादव, महेश शर्मा, अनूप पांडे, राकेश पासवान, अजीत कुमार, मंटू दास, राजू दास, वीरेंद्र बहादुर सिंह, कुंदन मोदक, चंदन मोदक, अशोक चंद्रवंशी, हरिओम कुमार, जमालुद्दीन, जुबेर खान, फ़ैज़ अहमद, कमाल खान, मणि भूषण तिवारी, सूरज वर्मा, राजमुनि देवी, गीता सिंह, सुमन कुमारी, लक्ष्मी देवी, प्रीति वर्मा सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।