पीरटांड़ में अवैध बालू कारोबार पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, तीन ट्रैक्टर जब्त

Advertisements

पीरटांड़ में अवैध बालू कारोबार पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, तीन ट्रैक्टर जब्त

खुखरा थाना क्षेत्र में छापेमारी के बाद बालू तस्करों में हड़कंप, प्रशासन ने जारी रखी सख्ती

डीजे न्यूज, पीरटांड़(गिरिडीह) : पीरटांड़ प्रखंड में अवैध बालू तस्करी के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध बालू लदे तीन ट्रैक्टरों को जब्त किया है। कार्रवाई रिषिकेश मरांडी के नेतृत्व में खुखरा थाना क्षेत्र में की गई। इस कार्रवाई के बाद अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, पीरटांड़ क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रूप से बालू का उठाव किया जा रहा था। बराकर नदी से बालू निकालकर ट्रैक्टरों के माध्यम से धनबाद सीमा तक पहुंचाया जाता था, जहां ऊंचे दामों पर इसकी बिक्री की जाती थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के अंधेरे में लगातार बालू की ढुलाई की जाती है, जिससे सरकार को राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है। बताया जाता है कि प्रशासन को लगातार अवैध बालू परिवहन की सूचना मिल रही थी। इसी सूचना के आधार पर अंचलाधिकारी ने खुखरा थाना क्षेत्र में अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान अवैध बालू लदे तीन ट्रैक्टरों को जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

रविंद्र कुमार ने बताया कि गाड़ियों को जब्त कर लिया गया है और तीनों वाहनों का चालान काटा जाएगा।

वहीं रिषिकेश मरांडी ने कहा कि “अवैध खनन एवं बालू तस्करी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।” उन्होंने लोगों से भी अवैध खनन की सूचना प्रशासन को देने की अपील की।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top