एकलव्य विद्यालय पहुंचे बीडीओ, निर्माण कार्य की अनियमिता पर भड़के 

Advertisements

एकलव्य विद्यालय पहुंचे बीडीओ, निर्माण कार्य की अनियमिता पर भड़के 

डीजे न्यूज, पीरटांड़, गिरिडीह : प्रखंड के पालगंज स्थित एकलव्य विद्यालय का मंगलवार को बीडीओ मनोज मरांडी ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में चल रहे मेंटेनेंस एवं विकास कार्यों का जायजा लेते हुए उन्होंने कई आवश्यक निर्देश दिए।

बताया गया कि पंचायत समिति सदस्य जोगेंद्र तिवारी एवं मुखिया प्रतिनिधि बिरजू साव की शिकायत पर बीडीओ विद्यालय पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में चल रहे रंगरोगन कार्य का निरीक्षण किया। जांच में रंगरोगन का कार्य संतोषजनक नहीं पाए जाने पर बीडीओ ने संबंधित कर्मियों को कार्य की गुणवत्ता में सुधार लाने का निर्देश देने की बात कही।

निरीक्षण के क्रम में बीडीओ ने विद्यालय परिसर में बन रही चारदीवारी का भी जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही छात्रों की खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विद्यालय परिसर में मिनी फुटबॉल स्टेडियम निर्माण की योजना पर भी चर्चा की।

बीडीओ ने बताया कि इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से बातचीत की गई है और आगे आवश्यक पहल की जाएगी। बीडीओ के निरीक्षण से विद्यालय प्रबंधन एवं निर्माण कार्य से जुड़े कर्मियों में हलचल देखी गई।

मौके पर पंचायत समिति सदस्य जोगेंद्र तिवारी, मुखिया प्रतिनिधि बिरजू साव, पंचायत जेई कुमार रजक समेत कई लोग उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top