सड़क हादसों पर अंकुश लगाने की तैयारी, हाईवे से हटेंगे हाट-बाजार

Advertisements

सड़क हादसों पर अंकुश लगाने की तैयारी, हाईवे से हटेंगे हाट-बाजार

डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे लगने वाले हाट-बाजारों को हटाकर सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने की तैयारी शुरू कर दी है। उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी रामनिवास यादव ने इस संबंध में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

प्रशासन का मानना है कि हाईवे किनारे लगने वाले बाजारों के कारण यातायात प्रभावित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। तेज रफ्तार वाहनों के बीच बाजारों में भीड़ लगने से आम लोगों, दुकानदारों और राहगीरों की जान जोखिम में रहती है।

हाल ही में डुमरी के इसरी स्थित पुरानी जीटी रोड पर हुई भीषण सड़क दुर्घटना, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई थी, को प्रशासन ने गंभीर चेतावनी माना है। इसी के बाद राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे संचालित बाजारों को मुख्य सड़क से दूर स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया है।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि बाजारों के लिए ऐसे वैकल्पिक स्थानों का चयन किया जाए, जहां लोगों की सुविधा, व्यापारियों की जरूरत और यातायात व्यवस्था तीनों का संतुलन बना रहे। साथ ही स्थानीय प्रशासन को समन्वय बनाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व भी है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे अनियोजित बाजार लगाने से बचें। जिला प्रशासन द्वारा आगे भी सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार अभियान चलाया जाएगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top