असर्फी हॉस्पिटल में अंतरराष्ट्रीय मातृ दिवस का आयोजन
महिलाओं को किया गया सम्मानित
डीजे न्यूज, धनबाद: अंतरराष्ट्रीय मातृ दिवस के अवसर पर असर्फी हॉस्पिटल, धनबाद में मातृत्व, नारी सम्मान और समाज में महिलाओं के योगदान को समर्पित एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल माताओं का सम्मान करना नहीं, बल्कि समाज और परिवार को मजबूत बनाने में महिलाओं की भूमिका को पहचान देना भी था।
इस अवसर पर अस्पताल की महिला डॉक्टरों, स्टाफ सदस्यों एवं होने वाली माताओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान धनबाद एवं आसपास के क्षेत्रों से जुड़ी कई सामाजिक रूप से सक्रिय महिलाओं को भी उनके सामाजिक योगदान, महिला सशक्तिकरण एवं समाज सेवा के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
सम्मानित महिलाओं में सुधा मिश्रा, रमा सिन्हा, बसंती देवी, बॉबी पांडेय, नेहा करण, रूमा, आशा गुप्ता, अनीता ठाकुर, मोहुआ, जय श्री, पूनम अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य महिलाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में असर्फी हॉस्पिटल के सीईओ हरेंद्र सिंह एवं मैनेजिंग डायरेक्टर उदय प्रताप सिंह ने कहा कि एक स्वस्थ और संवेदनशील समाज की नींव माताएं ही रखती हैं। स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में कार्यरत महिलाएं न केवल अपने परिवार बल्कि समाज के लिए भी प्रेरणा का स्रोत हैं।
असर्फी हॉस्पिटल, धनबाद ने इस अवसर पर महिलाओं के स्वास्थ्य, सम्मान और सामाजिक योगदान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया। कार्यक्रम का माहौल भावनात्मक, प्रेरणादायक और सम्मानपूर्ण रहा, जहाँ उपस्थित सभी माताओं एवं महिलाओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।