संतमत परिवार आश्रम में धूमधाम से मनी महर्षि मेंहीँ परमहंस की जयंती
डीजे न्यूज, टुंडी, धनबाद : टुंडी प्रखंड के कमारडीह पंचायत अंतर्गत ऊपर भोजुडीह स्थित ‘संतमत परिवार पिण्ड माहि ब्रह्माण्ड आश्रम’ में शुक्रवार को आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण देखा गया। अवसर था महान संत सद्गुरु महर्षि मेंहीँ परमहंस जी महाराज की 142वीं जयंती का, जिसे ‘गुरु जयंती महोत्सव’ के रूप में बेहद भव्य तरीके से मनाया गया। इस दौरान न केवल भोजुडीह बल्कि आसपास के कई गांवों से आए श्रद्धालुओं ने गुरु महाराज के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। इस अवसर पर आश्रम और आसपास का क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। उत्सव का शुभारंभ सुबह की वेला में पारंपरिक गाजे-बाजे के साथ निकाली गई प्रभात फेरी से हुआ। श्वेत वस्त्र धारण किए श्रद्धालु हाथों में गुरु महाराज की तस्वीर और धर्मध्वजा लेकर चल रहे थे। यह प्रभात फेरी आश्रम परिसर से निकलकर भोजुडीह बस्ती, मुख्य मार्ग होते हुए कमारडीह पंचायत मुख्यालय पहुँची। वहां से बेहड़ा शिव मंदिर और बेहड़ा बस्ती का भ्रमण करते हुए वापस आश्रम पहुँची। पूरे रास्ते श्रद्धालुओं द्वारा लगाए जा रहे “महर्षि मेंहीँ परमहंस की जय” और “सद्गुरु महाराज की जय” के नारों से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा। प्रभात फेरी के आश्रम वापसी के पश्चात महाप्रसाद (भंडारा) का विधिवत शुभारंभ किया गया। आश्रम प्रबंधन द्वारा आयोजित इस भंडारे में भोजुडीह, कमारडीह, हिरापुर और बेहड़ा सहित अन्य समीपवर्ती गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों ने पंक्तिबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया। उत्सव के दूसरे चरण में शाम 4 बजे से आश्रम के मुख्य सभागार में सत्संग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सत्संग में उपस्थित विद्वानों ने महर्षि मेंहीँ के आध्यात्मिक दर्शन ‘पिण्ड माहि ब्रह्माण्ड’ पर प्रकाश डालते हुए बताया कि गुरु के बिना ईश्वर की प्राप्ति और आंतरिक शांति संभव नहीं है। इस पुनीत अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की। मुख्य रूप से पूज्य स्वामी सकलानंद जी महाराज, पूज्य स्वामी बिन्दु जी महाराज, आश्रम संचालक स्वामी रतन जी महाराज, तालेवर महतो, कमारडीह के मुखिया जयनारायण मण्डल, उप मुखिया गिरधारी महतो, विष्णुपद मण्डल, लखन प्रमाणिक, भजन साव, साधन डोम, मुकुंद तुरी, मेंहदी रजवार, राजेश रजवार,महेश रजवार, शुकदेव रजवार, दिलीप महतो, जगदीश महतो समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। इन जनप्रतिनिधियों ने गुरु महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम के सफल संचालन में आश्रम के स्वयं सेवकों और संतमत परिवार के अनुयायियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। देर शाम तक आश्रम में भजन और कीर्तन का दौर चलता रहा, जिससे पूरा क्षेत्र अध्यात्म के रंग में सराबोर नजर आया। इस दौरान टुंडी पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आई सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।