वरीय पदाधिकारियों ने स्वगणना कर की अभियान की शुरुआत
डीजे न्यूज, धनबाद: जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना हेतु स्वगणना की शुक्रवार से धनबाद जिले में शुरूआत की गई।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि देश में पहली बार पूरी तरह डिजिटल जनगणना शुरू हो रही है। यह प्रक्रिया 1 मई से शुरू हो गई है। अभियान के पहले चरण में 1 मई से 15 मई तक लोग खुद ऑनलाइन (स्वगणना) अपनी जानकारी भर सकते हैं। दूसरे चरण में 16 मई से 14 जून तक कर्मचारी घर-घर जाकर जानकारी की जांच करेंगे।
लोग se.census.gov.in वेबसाइट पर जाकर 1 से 15 मई के बीच अपने परिवार की जानकारी खुद भर सकते हैं। इसके बाद कर्मचारी आकर इसे चेक करेंगे। सभी जानकारी सुरक्षित रहेगी। इसका उपयोग भविष्य की योजनाएं बनाने में होगा। उपायुक्त ने सभी लोगों से इसमें सहयोग करने की अपील की है।
इस निमित्त आज जिला जनगणना पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता विनोद कुमार ने स्वगणना के तहत सीएमएमएस पोर्टल में आवश्यक सभी जानकारी दर्ज की।
उन्होंने धनबाद के सभी नागरिकों से इसे अधिक से अधिक सफल बनाने की अपील की। साथ ही सहायक नगर आयुक्त प्रसून कौशिक, जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा, जिला शिक्षा अधीक्षक आयुष कुमार ने इस अभियान के तहत स्वगणना का कार्य पूर्ण किया।
स्वगणना पूर्ण करने के उपरांत पोर्टल से एक 12 अंकों का अल्फ़ान्यूमेरिक कोड जेनेरेट होता है जो प्रगणक के साथ साझा करना होता है। इससे उनके घर की गणना सम्पूर्ण हो सके।
इस अवसर पर अपर जनगणना पदाधिकारी सह ज़िला सांख्यकी पदाधिकारी उमेश लोहरा, स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनर पुष्कर चंद्र झा, जनगणना ज़िला समन्वयक कृष्ण कुमार मौर्य उपस्थित थे।