मोहलबनी नगीना बाजार में युवक ने दी जान
डीजे न्यूज तिसरा(धनबाद) : सुदामडीह थाना अंतर्गत नगीना बाजार बागति पट्टी निवासी सुरेश कुमार जयसवारा के पुत्र राहुल कुमार ने सोमवार की रात अपने आवास के कमरे में छत के एंगल से रस्सी के फंदा से फांसी लगा आत्महत्या कर ली। बस्ती के लोगों की सूचना पर सुदामडीह पुलिस मौके पर पर पहुंची। मामले की छानबीन करने के बाद शव का पंचनामा कर कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच धनबाद भेज दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि राहुल को सोमवार सुबह में देखा गया था। उसने कब फांसी लगा ली पता नहीं चला। जब लोगों ने देर रात तक उसे नहीं देखा तो उसकी खोजबीन शुरू की गयी। कमरा का दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से अंदर देखा गया तो वह फंदे से लटक रहा था। इसके बाद सुदामडीह पुलिस को सूचना दी गयी। स्थानीय लोगों के अनुसार राहुल कुछ दिन पूर्व ही रांची से नगीना बाजार अपने घर आया था। घर में वह अकेला था। उसके पिता कहीं बाहर काम करते हैं। वहीं मृतक राहुल के भाई व मां अपने किसी रिश्तेदार के यहां गये हुए थे। पड़ोसियों ने घटना की सूचना उसके परिजनों को दे दी है। पुलिस अपने स्तर मामले की छानबीन में कर रही है। राहुल ने क्यों फांसी लगायी, इसका अभी पता नहीं चल सका है।