मुख्यमंत्री ने फ्लाईओवर कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश
सिरमटोली से कांटा टोली को जोड़ने वाली कनेक्टिंग फ्लाईओवर के कार्य प्रगति की समीक्षा
डीजे न्यूज, रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समक्ष सोमवार को झारखंड मंत्रालय में पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों ने सिरमटोली से कांटा टोली को जोड़ने वाली कनेक्टिंग फ्लाईओवर के कार्य प्रगति से संबंधित पावरप्वाइंट प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री ने कार्य प्रगति की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि भू-अर्जन से संबंधित कार्रवाई यथाशीघ्र पूरी कर कार्य में तेजी लाई जाए।
इस दौरान प्रस्तावित करम टोली से साइंस सिटी, चिरौंदी फ्लाईओवर निर्माण योजना को लेकर भी चर्चा हुई, जिस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि रांची की सड़कों पर बने डिवाइडरों में जहां अनावश्यक कट्स हैं, उन्हें बंद किया जाए, ताकि ट्रैफिक व्यवस्था सुगम हो सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि रांचीवासियों को बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
मौके पर प्रधान सचिव, पथ निर्माण विभाग सुनील कुमार, अभियंता प्रमुख प्रवीण जयंत भेंगरा, मुख्य अभियंता सीडीओ विजय रंजन एवं उप सचिव प्रबंधन विक्रम प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।