टुंडी में दिनदहाड़े सीएसपी लूट, सीसीटीवी में अपराधी कैद 

Advertisements

टुंडी में दिनदहाड़े सीएसपी लूट, सीसीटीवी में अपराधी कैद

 

नकाबपोश हथियारबंद अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम

डीजे न्यूज, टुंडी(धनबाद) : टुंडी थाना क्षेत्र के कमारडीह स्थित एसबीआइ के ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) में दिनदहाड़े हथियार के बल पर करीब 80 हजार रुपये की लूट की वारदात सामने आई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कमारडीह स्थित एसबीआइ ग्राहक सेवा केंद्र में दोपहर के समय अचानक अफरा-तफरी मच गई। बताया जाता है कि तीन नकाबपोश अपराधी बाइक पर सवार होकर पहुंचे और सीएसपी से कुछ दूरी पर बाइक खड़ी कर पैदल अंदर घुस गए। अपराधियों में से एक के हाथ में हथियार था।

अपराधियों ने सीएसपी संचालक सुनील मुर्मू को पिस्तौल के बल पर धमकाया और काउंटर में रखे करीब 80 हजार रुपये लूट लिए। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

घटना की सूचना मिलते ही टुंडी पुलिस मौके पर पहुंची और सीएसपी सहित आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। पीड़ित संचालक सुनील मुर्मू ने बताया कि तीन लोग आए थे, सभी के चेहरे ढंके हुए थे। पिस्तौल दिखाकर पैसे लूट लिए और हम कुछ समझ पाते, उससे पहले ही वे फरार हो गए। वहीं, टुंडी थाना प्रभारी उमाशंकर ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि तीन नकाबपोश अपराधियों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान में जुटी है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top