लंबित वारंटों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश

Advertisements

लंबित वारंटों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश

डीजे न्यूज, धनबाद: शुक्रवार को समाहरणालय स्थित पुलिस मुख्यालय सभागार में वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी)  प्रभात कुमार की अध्यक्षता में मार्च माह की मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी थाना प्रभारी, पुलिस निरीक्षक, डीएसपी स्तर के अधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस दौरान अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और आगामी चुनौतियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए एसएसपी  प्रभात कुमार ने कहा कि मार्च माह के दौरान होली, ईद, राम नवमी सहित अन्य सभी पर्व-त्योहार जिले में पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए। उन्होंने इसके लिए सभी पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की सराहना की और कहा कि यह उनकी सतर्कता निरंतर गश्ती और प्रभावी रणनीति का परिणाम है।

प्रदर्शन रहा संतोषजनक, निष्पादन में बढ़त

आंकड़ों की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने बताया कि मार्च माह में जिले में कुल 337 आपराधिक कांड दर्ज किए गए, जबकि इसी अवधि में 410 कांडों का निष्पादन किया गया। यानी दर्ज मामलों की तुलना में 73 अधिक मामलों का निपटारा कर पुलिस ने बेहतर कार्यक्षमता का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि यह ट्रेंड आगे भी जारी रहना रहेगा ताकि लंबित मामलों का बोझ लगातार कम हो।

लंबित मामलों में ऐतिहासिक कमी

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि जिले में कुल लंबित कांडों की संख्या घटकर अब 1935 रह गई है, जबकि पिछले वर्ष मई माह में यह संख्या लगभग 4300 थी। इस प्रकार लगभग आधे से भी कम लंबित मामलों तक पहुंचना पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। एसएसपी ने इसे निरंतर मॉनिटरिंग, जवाबदेही तय करने और समयबद्ध कार्रवाई का परिणाम बताया।

अप्रैल के लिए सख्त टारगेट

एसएसपी  प्रभात कुमार ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश देते हुए कहा कि लंबित वारंटों के निष्पादन में तेजी लाएं। उन्होंने स्पष्ट लक्ष्य तय करते हुए कहा कि अप्रैल माह में कम से कम 50 प्रतिशत लंबित वारंटों का निष्पादन हर हाल में किया जाए। इसके साथ ही लगभग एक हजार लंबित यूडी केस के मामलों में से 50 प्रतिशत यानी करीब 500 मामलों का निष्पादन भी इसी महीने सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमित समीक्षा के आधार पर कार्रवाई होगी।

उत्पाद सिपाही परीक्षा को लेकर हाई अलर्ट

बैठक में 12 अप्रैल (रविवार) को होने वाली झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर भी विशेष चर्चा की गई। एसएसपी ने कहा कि परीक्षा को कदाचार मुक्त, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, गश्ती दल और दंडाधिकारियों की नियुक्ति की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने और परीक्षा से जुड़े सभी संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है।

जनता से अपील-डरें नहीं, तुरंत दें सूचना

एसएसपी  प्रभात कुमार ने आम नागरिकों और व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी अपराधी या असामाजिक तत्व से डरने की जरूरत नहीं है। यदि किसी प्रकार की धमकी, रंगदारी की मांग या दबाव बनाया जाता है, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि किसी भी परिस्थिति में अपराधियों को रंगदारी न दें। धनबाद पुलिस हर नागरिक की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध और सक्षम है।

फरार अपराधियों पर शिकंजा, सीबीआई के साथ समन्वय बैठक

एसएसपी  ने बताया कि विभिन्न गंभीर मामलों में फरार चल रहे अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर लगातार छापेमारी की जा रही है। कई अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। जो भगोड़े अपराधी देश से बाहर फरार हैं, उनके प्रत्यार्पण के लिए भी सक्रिय प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को सीबीआई अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आपसी समन्वय और कार्रवाई की रणनीति पर चर्चा की गई।

अपराधियों को सख्त चेतावनी

बैठक में एसएसपी प्रभात कुमार ने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग अपराध करने की मंशा रखते हैं, उनके लिए बेहतर होगा कि वे धनबाद जिले की सीमा से दूर रहें। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने या समाज में अशांति फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ पुलिस पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई करेगी। किसी भी कीमत पर जिले में अपराध को पनपने नहीं दिया जाएगा।

धनबाद पुलिस की सक्रियता, रणनीतिक कार्रवाई और सख्त निगरानी के चलते जिले में अपराध पर लगाम लगती नजर आ रही है। लंबित मामलों में लगातार कमी और निष्पादन की तेज रफ्तार इस बात का संकेत है कि आने वाले समय में जिले की कानून-व्यवस्था और मजबूत होगी।

बैठक में एसएसपी  प्रभात कुमार, ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, प्रशिक्षु आईपीएस  अंकित सिन्हा के साथ सभी डीएसपी, एसडीपीओ, सभी थाना प्रभारी व ओपी प्रभारी के साथ अन्य शाखा के पदाधिकारी भी मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top